हिजाब विवाद पर एक्शन शुरू, 10 लड़कियों पर एफआईआर

नई दिल्ली। कर्नाटक में जारी हिजाब विवाद पर कानूनी एक्शन शुरू हो गया है। हिजाब बैन के विरोध पर उतरीं 10 लड़कियों के विरूद्ध पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है। कर्नाटक में उभरा हिजाब विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मुद्दे पर देशभर में सियासत गरमाई हुई है। इस बीच कनार्टक में पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने तुमकुर में गर्ल्स एंप्रेस गवर्नमेंट पीयू कॉलेज के बाहर गत 17 फरवरी को प्रदर्शन करने पर 10 लड़कियों पर एफआईआर दर्ज की है।

आरोप है कि इन लड़कियों ने धारा-144 के तहत लागू निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया। पुलिस ने आईपीसी की धारा-143, 145, 188 और 149 के तहत कार्रवाई की है। बता दें कि कैबिनेट मिनिस्टर प्रह्लाद जोशी ने हिजाब विवाद पर हाल ही में बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि कर्नाटक सरकार को उन नागरिकों को गिरफ्तार करना चाहिए जो अदालत के अंतरिम आदेश का उल्लंघन कर रहे हैं। फिर चाहे वह केसरी हो या हिजाब वाले। केंद्रीय मंत्री जोशी ने कहा था कि कुछ लोग गलत इरादे से हिजाब विवाद को समाप्त नहीं होने दे रहे हैं। कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करना, ये गलत है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।

परेशानी उत्पन्न करने वालों को अब जेल में डाला जाएगा। कर्नाटक सरकार ने शुक्रवार को हाईकोर्ट में कहा था कि हिजाब इस्लाम का अभिन्न अंग नहीं है। इस पर प्रतिबंध लगाना संविधान के आर्टिकल 25 का उल्लंघन नहीं माना जा सकता। शिक्षण संस्थानों में हिजाब पर प्रतिबंध को चुनौती देने वाली याचिका पर हाईकोर्ट में अगली सुनवाई अब 21 फरवरी को होगी। हाईकोर्ट अपने अंतरिम आदेश में स्कूल-कॉलेज परिसर में धार्मिक पहनावे पर पहले ही रोक लगा चुका है।