धर्मजीत त्रिपाठी ने संभाला बुलंदशहर के अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज बोले विकास कार्यों को तेजी से पूरा कराने पर रहेगा जोर

-जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ अंतुल तेवतिया ने सौंपा चार्ज दी शुभकामनाएं

उदय भूमि संवाददाता
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश सरकार के युवा एवं तेज तर्रार अधिकारी धर्मजीत त्रिपाठी ने शनिवार को बुलंदशहर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज संभाला। बुलंदशहर जिला पंचायत के अध्यक्ष डॉ. अंतुल तेवतिया ने धर्मजीत त्रिपाठी को चार्ज सौंपा और उन्हें शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर अभियंता मंजू सिंह, जिला पंचायत सदस्य शेलैस बालखा, धर्मेंद्र सिंह व सुनील चरौरा आदि उपस्थित रहे। अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज संभालने के बाद धर्मजीत त्रिपाठी ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एक संक्षिप्त बैठक की। परिचयात्मक बैठक के दौरान अपर मुख्य अधिकारी ने सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्धता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ काम काम करने का निर्देश दिया।

बुलंदशहर में तैनाती से पहले धर्मजीत त्रिपाठी गौतमबुद्ध नगर में तैनात थे। ग्रामीण क्षेत्र में कराये गये विकास कार्यों को लेकर गौतमबुद्धनगर में धर्मजीत त्रिपाठी की काफी सराहना हुई थी। अमृत सरोवर प्रोजेक्ट के माध्यम से गांवों में तालाबों के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के कार्यों को तरजीह दी। अमृत सरोवर को इस तरह से विकसित किया जा रहा है कि वह भू-जल संरक्षण में मददगार होने के साथ-साथ ग्रामीणों के लिए पिकनिक स्पॉट बनेगा। बुलंदशहर जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का चार्ज संभालने के बाद धर्मजीत त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र में निष्पक्ष शासन की योजनाएं जन जन तक पहुंचना उनका मुख्य लक्ष्य होगा, साथ ही मौजूदा समय में क्षेत्र के गावों में सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया जाएगा। किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। गांवों की हर बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कार्य किए जाएंगे।

आज भू-जल स्तर नीचे जा रहा है, अगर हमें समय रहते जल संरक्षण की तरफ ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में स्थिति और भयावह हो सकती है। जल संरक्षण वर्तमान समय की बड़ी जरूरत है।
जल संरक्षण के लिए महत्वाकांक्षी परियोजना अमृत सरोवर योजना के तहत चिन्हिंत गांवों के तालाबों का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने का कार्य किया जाएगा। वर्षा के जल संचयन के साथ-साथ गांव के पानी को भी इसमें शोधित करने पर कार्य करना है। अमृत सरोवर अभियान के तहत तालाबों का इस तरह से विकास किया जाएगा। जिससे वह पर्यावरण संरक्षण और भू-जल संवर्धन में मददगार भी साबित हों। अमृत सरोवर में नालों एवं नालियों का गंदा पानी ना पहुंचे और सरोवर स्वच्छ एवं निर्मल रहे इसको लेकर विशेष फोकस किया जा रहा है। गांवों में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा।