बसपा में भगदड़, बागी 6 विधायक सपा में आए

भाजपा विधायक राकेश राठौर भी साइकिल पर सवार

लखनऊ। दीपावली पर्व के ऐन मौके पर बागी 6 विधायकों ने बसपा से किनारा कर लिया है। इन विधायकों ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्यता ग्रहण की है। इससे बसपा सुप्रीमो को बड़ा झटका लगा है। इसके अलावा भाजपा विधायक राकेश राठौर भी साइकिल पर सवार हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में अगले साल विधान सभा चुनाव होने हैं। इसके मद्देनजर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

खासकर भाजपा, कांग्रेस, सपा-बसपा आदि ने चुनावी तैयारी शुरू कर दी हैं। इस बीच बागी 6 विधायकों ने बसपा से नाता तोड़ लिया है। यह विधायक अब सपा में आ गए हैं। इनमें असलम राईनी (श्रावस्ती), असलम अली चौधरी (हापुड़), मुज्तबा सिद्दीकी (प्रयागराज), हाकिम लाल बिंद (प्रयागराज), हर गोविंद भार्गव (सीतापुर) और सुषमा पटेल (जौनपुर) शामिल हैं। जबकि सीतापुर से भाजपा विधायक राकेश राठौर भी सपा में आ गए हैं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सभी 7 विधायकों को पार्टी कार्यालय में सदस्यता ग्रहण कराई। इस मौके पर विधायक असलम राईनी ने कहा कि आने वाला समय समाजवादी पार्टी का है। यूपी की 403 सीट में ये सातों विधायक सबसे ऊपर रहेंगे। विधायक असलम चौधरी ने कहा कि प्रदेश की जरूरत अखिलेश यादव हैं। युवा मजदूर किसान का दर्द उन्होंने समझा है। बता दें कि लंबे समय से बीएसपी के बागी विधायकों की सपा में जाने की चर्चा हो रही थी।