Dy. CM ब्रजेश पाठक और ब्राह्मण महासभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र की मुलाकात में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन के मसले पर हुई चर्चा

-यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मिले ब्राह्मण महासभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र

लखनऊ। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से उनके लखनऊ आवास पर मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) माता सीता की नगरी तक उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सीधे बस की सेवा शुरु एवं पुजारी कल्याण बोर्ड के अस्तित्व को बदलकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड करने की मांग को लेकर पत्र सौंपा।
कार्यवाहक राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र ने कहा कि अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी है और जनकपुर (नेपाल) माता सीता की नगरी है। मगर दोनों ही अलग-अलग दिशा में है। दोनों ही धार्मिक स्थल है और सीता-राम की नगरी भी है। इन दोनों स्थानों पर जाने के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उत्तर प्रदेश में सभी धार्मिक स्थलों का जीर्णोद्धार हो रहा है। जो कि अपने आप में हिंदुत्व के लिए गौरव की बात है। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) तक के लिए कोई भी बस की सेवा शुरु नही की गई है। जबकि इसकी घोषणा पूर्व में हो चुकी है। अगर सरकार द्वारा बस के संचालन की व्यवस्था शुरु हो जाती है तो सरकार के इस कार्य से देश की जनता के लिए ऐतिहासिक कदम होगा। अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) की दूरी करीब 459 किलोमीटर है। मगर यहां जाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कोई वैकल्पिक व्यवस्था शुरू नही की गई है। श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार द्वारा जल्द बस की सेवा शुरु की जाए।

पुजारी कल्याण बोर्ड के अस्तित्व को बदलकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड करने की मांग को लेकर हुई चर्चा में उन्होंने कहा आज के समय में पूरे देश में ब्राह्मण समाज की स्थिति बहुत खराब है, जिसमें अपना उत्तर प्रदेश भी शामिल है। उत्तर प्रदेश का पूरा ब्राह्मण समाज आप पर निर्भर करता है कि आप किस तरह से उनके हित में कार्य कर सकते है। हमें किसी अन्य समाज से कोई भेदभाव नही हैं, मगर जो स्थिति आज ब्राह्मण समाज की है उसे अगर अब नही सुधारा गया तो आने वाला समय और घातक साबित हो सकता है। इसलिए पुजारी कल्याण बोर्ड के अस्तित्व को बदलकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन करें। जिससे ब्राह्मण समाज के अस्तित्व को बचाया जा सकें। पूर्व की मुलाकात में भी आपने आश्वासन दिया था, वह समय अब आ गया है। आपके इस कार्य से पूरे ब्राह्मण समाज का कल्याण होगा। जब सभी समाज के लोगों को उनका हक मिल रहा है तो अपने हक के लिए ब्राह्मण समाज पीछे क्यों रहें।

उन्होंने कहा निकाय चुनाव में ब्राह्मण समाज के दावेदार प्रत्याशियों का भी ध्यान रखा जाए। जो मजबूत दावेदार हो, उसे नजर अंदाज न किया जाए। अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के कार्यवाहक राष्ट्रीय महामंत्री तरुण मिश्र की बातों को सुनने के पश्चात डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा आपकी सभी बातों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। पुजारी कल्याण बोर्ड के अस्तित्व को बदलकर ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठन को लेकर पूर्व में चर्चा की गई थी। जिस पर दोबारा वार्ता कर इसे गठन करने का कार्य जल्द किया जाएगा।

अयोध्या से जनकपुर (नेपाल) तक की बस सेवा के लिए भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार सर्वहितैषी सरकार है। इस सरकार में किसी भी समाज का शोषण नही होने दिया जाएगा। जिस तरह से सभी समाज के उत्थान के लिए सरकार संकल्पित है, उसी तरह से ब्राह्मण समाज के लिए भी सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा हमारा देश सभ्यता, संस्कृति का देश है। आपके हितों की रक्षा के लिए हमेशा खड़ा हूं। ब्राह्मण का जीवन अध्ययन व अध्यात्म में बीतता है। समाजवादी पार्टी के शासन में जितना ब्राह्मणों का उत्पीडऩ हुआ आज तक किसी सरकार में नहीं हुआ और अब आगे होगा भी नहीं।