योगी सरकार का बजट पेश, 25 करोड़ नागरिकों का ख्याल, सभी की सुविधाओं पर ध्यान

वित्तीय वर्ष 2022-23 में 6 लाख 15,515 हजार करोड़ बजट

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने ब्रहस्पतिवार को वित्तीय वर्ष 2022-23 का बजट कर दिया। 25 करोड़ की आबादी को ध्यान में रखकर 6 लाख 15 हजार 515 हजार करोड़ रुपए का बजट पेश किया है। बजट में सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है। किसान, छात्र एवं महिला इत्यादि को निराश नहीं होना पड़ेगा। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह बजट सूबे की 25 करोड़ जनता को समर्पित है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल का पहला बजट पेश किया है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुबह लगभग 11 बजे बजट को पटल पर रखा।

सीएम के साथ उप्र के वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने विधान सभा में बजट को पेश किया। योगी सरकार ने 6 लाख 15 हजार 518 हजार करोड़ का बजट पेश किया। बजट पेश होने के बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सदन में बजट भाषण दिया। उधर, सीएम योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि प्रदेश सरकार का यह बजट प्रदेश की जनता को समर्पित है। बजट को मूर्त रूप देने के दरम्यान उत्तर प्रदेश के समग्र विकास को ध्यान में रखा गया। इस बार भी बजट सभी वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उधर, किसानों की दुर्घटनावश मौत या दिव्यांगता की दशा में अधिकतम 5 लाख रुपए दिए जाने का प्रावधान है। वित्तीय वर्ष 2022-2023 के बजट में इस योजना की मद में साढ़े 6 सौ करोड़ रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। महिला सामर्थ्य योजना के लिए 72 करोड़ 50 लाख रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। वृद्धावस्था पेंशन 500 से बढ़ाकर 1000 की गई है। वार्षिक बजट में यूपी सरकार ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेक्टर पर भी फोकस किया है। नागरिकों को विशेष चिकित्सा सुविधा आसानी से उपलब्ध कराने की कोशिश की गई है।

योगी सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुलभ कराने की दिशा में प्रयासरत है। इसके तहत राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के लिए 10,547 करोड़ 42 लाख रुपए की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वस्थ भारत योजना के लिए 620 करोड़ रुपए की व्यवस्था बजट में की गई है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 2 हजार 949 चिकित्सालयों को आबद्ध किया गया है। प्रदेशभर के 1.78 करोड़ लाभार्थी परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक 1.84 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान कार्ड बांटे जा चुके हंै। अब इस योजना के लिए 560 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है।

बजट से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें
-नमामि गंगे में जल जीवन मिशन को 19,500 करोड़ से ज्यादा प्रस्तावित।
-बिजली में रीवैम्प के लिए 31 हजार करोड़ रुपए प्रस्तावित।
-बाढ़ नियंत्रण के लिए 2700 करोड़ रुपए का प्रावधान।
-14 मेडिकल कॉलेजों को 2100 करोड़ का बजट मिला।
-बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, डिफेंस कॉरिडोर के किनारे कराए जाएंगे विकास कार्य।
-ग्रीन फील्ड और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के लिए 500 करोड़ का प्रावधान।
-प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के लिए 897 करोड़ रुपए।
-मेरठ-प्रयागराज गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए 695 करोड़ का प्रावधान।
-पीडब्लूडी की सड़कों के लिए 18500 करोड़ का बजट।
-काशी विश्वनाथ राजघाट पुल के लिए 500 करोड़ का प्रावधान।
-महिला सामर्थ्य योजना के लिए 72 करोड़ 50 लाख रुपए।