आईएएस अधिकारी की अनूठी पहल: रक्षाबंधन पर गायों को बांधी राखी, गोवंश संरक्षण का लिया संकल्प

गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर आईएएस डॉ. दिनेश चंद्र सिंह का गोवंशों से विशेष लगाव है। वह अपने घर पर गाय पालते हैं और गौशाल में जाकर निराश्रित गोवंशों की सेवा करते हैं। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गौ रक्षा, गोवंश संरक्षण और संवर्धन मुहिम को सफल बनाने के लिए जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागृत कर रहे हैं।

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के गौ रक्षा, गोवंश संरक्षण और संवर्धन मुहिम को सफल बनाने के लिए आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह जन जागरूकता अभियान चला रहे हैं। डॉ. दिनेश चंद्र का कहना है कि लोगों के अंदर गौ सेवा की भावना है बस उस भावना को जागृत करने की जरूरत है। गाय सनातन परंपरा और हमारे अस्तित्व का हिस्सा है। सभी लोगों को गोवंशों की रक्षा का संकल्प लेना चाहिये। डॉ. दिनेश चंद्र यूपी कैडर के आईएएस हैं और वर्तमान में गाजियाबाद में म्युनिसिपल कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। सोमवार को रक्षाबंधन पर्व डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने अनूठी पहल करते हुए गोवंशों को राखी बांधी उनकी रक्षा का संकल्प दोहराया। म्युनिसिपल कमिश्नर की यह पहल अनूठी, प्रशंसनीय, अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी लोगों से निराश्रित गोवंशों की सेवा एवं उनकी रक्षा के लिए आगे आने की अपील की।
सोमवार सुबह म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह रक्षाबंधन पर्व पर अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ नंद ग्राम स्थित गाजियाबाद नगर निगम के नंदनी पार्क गौशाला पहुंचे। यहां पर उन्होंने गायों की विधिवत पूजा अर्चना की और उन्हें टीका लगाया।

 गोवंशों को गुड़ खिलाते म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह
गोवंशों को गुड़ खिलाते म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह

गोवंशों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया और उन्हें गुड़ खिलाया। म्युनिसिपल कमिश्नर ने गौशाला में काम करने वाले सेवादारों एवं कर्मचारियों को मिठाई बांटकर प्रोत्साहित किया और उनके काम की तारीफ भी की। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, नंदी पार्क प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह सहित कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। अपर नगरायुक्त एवं मुख्य पशु चिकित्साअधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भी गोवंशों को गुड़ खिलाया और उनकी रक्षा का संकल्प लिया। गौ संरक्षण को लेकर म्युनिसिपल कमिश्नर का यह कदम बेहद सराहनीय है। इससे ना सिर्फ गौशाला एवं गौ संरक्षण को लेकर काम कर रहे लोगों का मनोबल बढ़ेगा बल्कि गौ सेवा एवं संरक्षण को लेकर आम लोगों के बीच सकारात्मक संदेश भी पहुंचेगा। गायों को गुड़ खिलाने के बाद उन्होंने गौशाला में चल रहे निर्माण कार्य एवं सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा संचालित नंदनी पार्क गौशाला उत्तर प्रदेश के मॉडल गौशालाओं में शामिल है। वर्तमान में यहां 1500 के करीब गौवंश हैैं। औचक निरीक्षण करने गाजियाबाद पहुंचे यूपी के चीफ सेक्रेट्री राजेंद्र कुमार तिवारी भी नंदी पार्क गौशाला से काफी प्रभावित हुए थे और यहां की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की थी। शासन से नामित नोडल अधिकारी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नंदनी पार्क गौशाला की प्रशंसा कर चुके हैं। नंदनी पार्क गौशाला की इस स्थिति का श्रेय म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह को जाता है।

कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र साथ में हैं गौशाला प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह।

शहरवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए डॉ. दिनेश चंद्र ने उनसे गोवंशों की रक्षा करने का संकल्प लेने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि आज रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार है। यह त्यौहार रक्षा करने का वचन देता है। निराश्रित गोवंशों की रक्षा का जो संकल्प माननीय मुख्यमंत्री ने लिया है उस संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हम लोगों ने रक्षा सूत्र गौ माता को बांधा है। गाजियाबाद नगर निगम गोवंशों की रक्षा के लिए कृतसंकल्प है। आइए हम सब मिलकर निराश्रित गोवंश की रक्षा का आज संकल्प लें। गाय हमारी भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता का आधार है हम सभी को उसकी रक्षा का प्रण लेना चाहिए।
————