नगर निगम के बड़े अधिकारी को हुआ कोरोना, दहशत में कर्मचारी

– अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित जिले में बृहस्पतिवार को आये कोरोना के 179 मामले
– जिले में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 9999 हुई, 73 लोगों की हुई है कोरोना से मौत

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। नगर निगम के एक बड़े अधिकारी को कोरोना होने की खबर के साथ निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी दहशत में आ गये। बृहस्पतिवार को निगम का कामकाज भी प्रभावित हुआ। निगम मुख्यालय को पूरी तरह से सैनेटाइज कराया गया। शुक्रवार से कामकाज सामान्य होगा। अपर नगरायुक्त के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उनके नजदीक काम कर रहे एवं संपर्क में आये कर्मचारियों और अधिकारियों का कोरोना टेस्ट होगा।
जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की जिले में बढ़़ती संख्या इस रफ्तार से बढ़ रही है कि अब बड़े अधिकारी एवं पॉश कॉलोनियों में रहने वाले लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार सहित 179 लोगों के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आई। कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद से अपर नगर आयुक्त होम आइसोलेट हो गए हैं। इनके अलावा नगर निगम के दो कर्मचारी जयपाल पासी, हरेंद्र सैनी भी कोरोना संक्रमित हो गए है। इनकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। तीन दिन पूर्व जलकल विभाग के कर्मचारी हिमांशु के कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। नगर निगम में जलकल एवं स्वास्थ्य विभाग में सबसे अधिक लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। इससे पूर्व में लीगल का काम देखने वाले बाबू देवेंद्र कुमार को भी कोरोना हुआ था। नगर निगम में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर के आदेश पर नगर निगम मुख्यालय के सभी पांच तलों के आॅफिस और सभागार को सैनिटाइजेशन कराया गया। बृहस्पतिवार को जहां 179 नए संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई वहीं सक्रमण मुक्त हुए 108 लोगों को प्राइवेट, सरकारी कोविड अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। जिले में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 9999 पहुंच गई है। इनमें से अब तक 8259 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। 1667 का प्राइवेट व सरकारी अस्पताल और होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। प्रशासन के अनुसार अब तक 73 संक्रमित मरीज की कोरोना से मौत हो चुकी है।