नगर निगम के ब्रांड एम्बेस्डर अतुल राघव ने बढ़ाया गाजियाबाद का मान

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अतुल राघव ने गाजियाबाद को गौरवान्वित किया है। भारत के बेस्ट ताइक्वांडो प्लेयर की सूची में अतुल राघव को तीसरा स्थान मिला है। अतुल गाजियाबाद नगर निगम के ब्रांड एम्बेस्डर हैं और यूथ आईकॉन के रूप में युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित कर रहे हैं। अतुल के इस प्रदर्शन पर शहरवासियों ने बधाई दी और बेहतर भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं। अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अतुल राघव ने एक बार फिर अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। देश के बेस्ट ताइक्वांडो प्लेयर की सूची में तीसरी स्थान प्राप्त कर वह एकाएक सुर्खियों में आ गए हैं।
अतुल ताइक्वांडो के मंझे खिलाड़ी हैं। ताइक्वांडों के प्रति उनमें गजब का जज्बा है। इस खेल के प्रति वह युवाओं को भी प्रेरित करते रहे हैं। अतुल राघव की काबिलियत को देखकर नगर निगम ने उन्हें ब्रांड एम्बेस्डर बनाया था। वह भारतीय ताइक्वांडो खिलाड़ी हैं। अतुल गाजियाबाद से पहले और एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने जी-2 फुजैराह दुबई चैम्पियनशिप 2020 में कांस्य पदक जीता था। अतुल फिलहाल दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र हैं। वह पॉलिटिकल साइंस की पढ़ाई कर रहे हैं। उनके नाम कई और खिताब हैं।
अतुल राघव ने सीआईएफसी नेशनल चैम्पियनशिप में निरंतर 2 साल स्वर्ण पदक जीता था। फिलहाल वह उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन में रेफरी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अतुल राघव का नाम उनकी उपलब्धियों को देखकर 2020 प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार में नामित किया गया था। महज 17 साल की उम्र में उनके नाम अनेकों उपलब्धियां दर्ज हैं। वर्तमान में अतुल राघव का नाम भारत के टॉप टेन ताइक्वांडो खिलाडिय़ों में आता है। क्रीडन नामक संस्थान ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि अतुल राघव भारत के उभरते खिलाड़ी हैं और वह भारत के टॉप खिलाडियों में से एक हैं। नई उपलब्धि के लिए उन्हें निरंतर बधाई मिल रही हैं। अतुल को उम्मीद है कि वह अपनी मेहनत और काबिलियत के दम पर देश का नाम रोशन करेंगे।