स्मार्ट सिटी का मिलेगा बरेली को अवार्ड

देश की सौ स्मार्ट सिटी की सूची में बरेली का 66वां स्थान

उदय भूमि ब्यूरो
बरेली। इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के लिए बरेली का चयन हुआ है। देश भर से इस अवार्ड के लिए चुने गए 100 स्मार्ट सिटी में बरेली को 66वां स्थान मिला है। यह अलग बात है कि शहर के एबीडी एरिया में अब तक स्मार्ट सिटी का कोई काम शुरू नहीं हो पाया है। सिर्फ टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी करने पर बरेली को इस अवार्ड का हकदार माना गया है। सच तो यह है कि शहर की दर्जनों मुहल्ला और कालोनियों के लोग पानी निकासी जैसी तमाम बेसिक समस्याओं से सालों से जूझ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक स्मार्ट सिटी के दूसरे चरण में बरेली का चयन इस अवार्ड के लिए किया गया है। इसके बाद अंतिम चरण होगा। स्मार्ट सिटी बरेली के सीईओ अभिषेक आनंद ने इस अवार्ड को पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया है। इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के लिए बरेली के अलावा अलीगढ़, लखनऊ, प्रयागराज, सहारनपुर का भी चयन हुआ है। अवार्ड के लिए प्रतियोगिता का आयोजन मंत्रालय स्मार्ट सिटीज मिशन, आवास और शहरी मामले, भारत सरकार की ओर से किया गया था। शहरों का चयन कार्य प्रगति, परियोजनाओं और अभिनव विचारों के आधार पर किया गया। फाइनल राउंड के लिए कुछ बिंदुओं को केंद्र सरकार देखेगी। इसमें इन्फ्रास्ट्रक्चर, पर्यावरण और यातायात प्रबंधन के अलावा इन्फॉरमेशन टेक्नोलॉजी और पुराने शहर की सघन आबादी के लिए योजनाएं शामिल है। स्मार्ट सिटी के अधिकतर टेंडर और वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं। इसका बरेली को फायदा मिला है।

इंडियन स्मार्ट सिटी अवार्ड के दूसरे चरण में चयन हमारे लिए बड़ी बात है। हमारी पूरी टीम ने मेहनत की है। शहर के जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग रहा है। अब हम आखिरी राउंड जीतने की कोशिश करेंगे।
अभिषेक आनंद, सीईओ
बरेली स्मार्ट सिटी

बरेली स्मार्ट सिटी का चयन खुशी की बात है।

हम इस बात का भी ध्यान रख रहे हैं कि स्मार्ट सिटी के विकास में जनता या व्यापारियों का कोई नुकसान न हो। सभी के सहयोग से यहां तक आए हैं और आगे भी जाएंगे।हम जनता हित के लिए हमेशा तैयार हैं। जनता का अहित हमारा अहित है।
उमेश गौतम, मेयर
बरेली