वित्त मंत्री ने 620 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र सौंपे
आईटीएस संस्थान मोहन में कार्यक्रम आयोजित
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण काल में रोजगार उपलब्ध कराने का वायदा पूरा कर सहायक अध्यापकों को नियुक्ति दे दी है। योगी सरकार के वित्त मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने शुक्रवार को गाजियाबाद में आयोजित कार्यक्रम में 620 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। आईटीएस कॉलेज, मोहन नगर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरकार अपने वायदे पर खरी उतरी है। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी, सीडीओ अस्मिता लाल, एडीएम (सिटी) शैलेंद्र कुमार सिंह, एसडीएम (सदर) देवेंद्र पाल सिंह, महापौर आशा शर्मा, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बेसिक शिक्षा अधिकारी बृजभूषण चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक रविदत्त शर्मा, बुलंदशहर से अखंड प्रताप सिंह, जिला समन्वयक पवन कुमार, रूचि त्यागी आदि की मौजूदगी में कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया। जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह महत्वपूर्ण पल है। जिला गाजियाबाद में 620 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए गए। सुप्रीम कोर्ट आदेश के अनुपालन में बेसिक शिक्षा परिषद विद्यालयों में 69 हजार नियुक्तियों के सापेक्ष 31,277 नियुक्तियों के क्रम में जिले में नवनियुक्त 620 सहायक अध्यापकों के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि काफी समय बाद यह दिन आया है। माता-पिता के लिए दो बार हर्षोल्लास का माहौल होता है। एक जब बच्चा जन्म लेता है और दूसरा जब बच्चे को सरकारी नौकरी मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षक का दर्जा इसलिए विशेष है कि उसे भगवान से पहले दर्जा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक को ध्यान देना चाहिए कि जो आप करेंगे वही कार्य आपके छात्र-छात्रा करेंगे। इसलिए आपको हर कार्य सोच-समझ कर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक वर्ग बच्चों का माहौल बदलने का सबसे बड़ा शस्त्र है। जिलाधिकारी डॉ. अजय शंकर पांडेय ने कहा कि हर बच्चे को इस दिन का इंतजार रहता है कि कब उसे रोजगार प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे प्रदेश में मील का पत्थर साबित हो रहा है। कार्यक्रम में कोविड-19 संक्रमण के चलते सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर नवनियुक्त सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मंत्री के समक्ष गांव मंडौला के किसानों के साथ मुआवजे की समस्या का निस्तारण कराने की मांग की। विधायक सुनील शर्मा ने अंत में सभी को धन्यवाद दिया। सहायक अध्यापकों को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से पांच नवनियुक्त अध्यापकों को प्रभारी मंत्री एवं विधायकों ने ंसंवाद किया। मंत्री सुरेश खन्ना को बीएसए बृजभूषण ने मिशन प्रेरणा बुकलेट भेंट की।
















