ईद-उल-अजहा की बदली तारीख, गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय में 28 मई की जगह अब 27 को होंगे पासपोर्ट सेवा केंद्रों में निर्धारित कार्य

-आवेदकों को संदेश के जरिए भेजी गई नई तारीख की सूचना, जरूरत पडऩे पर बदल सकेंगे समय
-ईद अवकाश के चलते 28 मई को बंद रहेंगे क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय और सभी सेवा केंद्र

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। ईद-उल-अजहा पर्व की तिथि में बदलाव के बाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने पासपोर्ट सेवाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए सभी पूर्व निर्धारित नियुक्तियों की तारीख में परिवर्तन कर दिया है। अब 28 मई के लिए तय की गई सभी नियुक्तियां एक दिन पहले यानी 27 मई यानि बुधवार को आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नागरिकों को जानकारी दी गई है। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ईद-उल-अजहा का पर्व पहले 27 मई को प्रस्तावित था, लेकिन चांद दिखाई देने और धार्मिक कैलेंडर में परिवर्तन के चलते अब यह त्योहार 28 मई को मनाया जाएगा। इसी बदलाव को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने अपने कार्यदिवस और नियुक्ति व्यवस्था में संशोधन किया है।
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी अनुज स्वरुप ने बताया पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत संचालित सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों में 28 मई के लिए निर्धारित नियुक्तियां अब 27 मई को होंगी। सभी प्रभावित आवेदकों को मोबाइल संदेश के माध्यम से नई तिथि की सूचना भेज दी गई है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आवेदकों से अनुरोध है कि वे संशोधित तिथि के अनुसार संबंधित पासपोर्ट सेवा केंद्र अथवा डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र में समय पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी कहा गया है कि यदि किसी आवेदक को नई निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने में कठिनाई होती है, तो वह अपनी सुविधा के अनुसार अपनी नियुक्ति को दोबारा निर्धारित भी कर सकता है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार त्योहारों के दौरान सार्वजनिक व्यवस्थाओं में बदलाव होने के कारण इस प्रकार की व्यवस्था लागू की जाती है, ताकि आम नागरिकों को सेवाएं बिना बाधा के उपलब्ध कराई जा सकें। पासपोर्ट विभाग द्वारा समय रहते सूचना जारी करने और मोबाइल संदेश भेजने से नागरिकों को काफी राहत मिलेगी तथा भ्रम की स्थिति से बचाव होगा।

विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि ईद-उल-अजहा के सार्वजनिक अवकाश के कारण 28 मई  को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय सहित इसके अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी पासपोर्ट सेवा केंद्र और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। ऐसे में जिन लोगों की नियुक्ति पहले 28 मई को तय थी, उन्हें अब संशोधित तिथि का विशेष ध्यान रखना होगा। गौरतलब है कि गाजियाबाद क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अंतर्गत प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पासपोर्ट संबंधी सेवाओं के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में त्योहारों के दौरान तिथियों में बदलाव की सूचना समय पर जारी करना विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मानी जाती है। विभाग की इस व्यवस्था से आवेदकों को सुविधा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।