बिचौलियों के मकडज़ाल से किसानों को मिली मुक्ति: राजकुमार चाहर

उपज का उचित मूल्य दिलाने में किसानों को मिलेगी सहूलियत

गाजियाबाद। किसानों को बिचौलियों से मुक्ति और उपज का उचित मूल्य दिलाने में सहायता मिलेगी। साथ ही किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आएंगे। अब देश का किसानों कई बंधनों से मुक्त हुआ है। साथ ही उसे बिचौलियों के मकडज़ाल से भी मुक्ति मिली है। यह बातें शुक्रवार को हापुड़ रोड स्थित द ग्रैंड आइरिश होटल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने कहीं। उन्होने कहा अब किसान अपनी इच्छा से उपज बेच सकेगा।

उन्होंने इन बिलों पर कांग्रेस के विरोध की आलोचना करते हुए कहा कि इससे साफ है कि कांग्रेस किसान विरोधी है। सरकार द्वारा पास किए गए इन बिलों से ना केवल किसानों की आय बढ़ेगी, बल्कि गांवों का विकास होगा। पहले किसान बंधनों में जकड़ा हुआ था। वास्तव में 2020 के बाद ही किसानों को सही मायने में आजादी मिली है। इन कानूनों के माध्यम से अब किसान को उन सभी बंधनों से मुक्ति मिली है। राजकुमार चाहर ने बताया कि जहां तक न्यूनतम समर्थन मूल्य अर्थात एमएसपी का सवाल है ऐसा कानून कभी बना ही नहीं था। बल्कि यह एक प्रशासनिक आदेश है, जो 1967 में लागू किया गया था। इन दिनों में यह आदेश पूर्ववत लागू रहेगा। कांग्रेस की सरकार में स्वामीनाथन रिपोर्ट आई थी, लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। जबकि भाजपा ने इस कमेटी की 95 प्रतिशत सिफारिशों को लागू किया है। कांग्रेस द्वारा इस कानून के विरोध में ट्रैक्टरों को जलाने पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि किसान जिस ट्रैक्टर को अपने कृषि में उपयोग करता है तथा जिसका वह पूजन करता है। उसका जलाया जाना सर्वथा अनुचित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस दौरान ट्रैक्टरों का पूजन किया अरैर महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने स्वर्गीय राम विलास पासवान के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। इस दौरान हातिम सिंह नागर, सौरभ जायसवाल, कश्मीर चौधरी, पृथ्वी सिंह कसाना, चंद्र मोहन शर्मा, बलदेव राज शर्मा, अशोक गोयल, महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, वीरेंद्र मुन्ना, विनय चौधरी, तारा जोशी, मंडल अध्यक्ष अमित रंजन, दीपक राघव, नीरज गोयल, अश्वनी शर्मा, जय कमल अग्रवाल उपस्थित रहे।