गाजियाबाद। जिले में एक बार फिर बाइक सवार बदमाशों का आंतक बढ गया है। बाइक सवार बदमाशों ने दिन-दहाड़े तेल व्यापारी के मुनीम से ढाई लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान बाइक गिरने से पीडि़त घायल हो गया। बदमाश तेज गति से मेरठ की ओर फरार हो गए। घटना के बाद पहुंची पुलिस जांच कर रही है। गांधीनगर निवासी मोहित सिघल की घूकना में सरसों के तेल, रिफाइंड व वनस्पति तेल की दुकान है। सिहानी गांव के रहने वाले 60 वर्षीय राजकुमार कंसल सालों से उनके मुनीम हैं। रविवार दोपहर राजकुमार हरवंशनगर में व्यापारियों से कलेक्शन करने गए थे। पांच से छह व्यापारियों से उन्होंने करीब ढाई लाख रुपये बैग में रखे और पटेलनगर की ओर जाने लगे। मेरठ हाईवे से पहले पीछे से बाइक सवार दो बदमाश उनके बराबर में आए और बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर धक्का दे दिया। बैग लेकर बदमाश फरार हो गए, जबकि राजकुमार बाइक समेत गिर गए। इस कारण उनके हाथ व पैर में चोट लग गई। राजकुमार ने अपने ऊपर से बाइक हटाकर आरोपितों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे फरार हो गए। राजकुमार का कहना है कि बदमाश उनके पीछे लगे थे। बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले रेकी की थी। सिहानी गेट थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा ने बताया कि मोहित सिघल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। बदमाशों को राजकुमार के आने-जाने की पूरी जानकारी थी। लूट में किसी जानकार के शामिल होने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। घटनास्थल और मेरठ हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।
















