होली व पंचायत चुनाव में वोटरों को लुुभाने के लिए शराब भंडारण की होड़, आबकारी विभाग का चाबूक

-लग्जरी कार व छोटा हाथी में कर रहें थे शराब की तस्करी, तीन तस्कर समेत लाखों की शराब बरामद

गाजियाबाद। हाईटेक युग में शराब तस्करों ने भी अब पुलिस को चकमा देने के नए-नए तरीके खोजने शुरू कर दिए हैं। लग्जरी कारों के जरिए पड़ोसी राज्य हरियाणा से बड़े पैमाने पर शराब की तस्करी हो रही है। तस्कर इतने शातिर हंै कि पुलिस को चकमा देने के लिए आए दिन नए तरीके इजाद करते नजर आते हैं। एक दिन पूर्व भोजपुर क्षेत्र में तस्कर ने तस्करी के लिए शराब को घर के अंदर भूसे में छुपाया था। जिसे आबकारी विभाग ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया था। होली के अवसर पर चोरी-छिपे भी जाम ना छलके इसके लिए पूर्व से ही आबकारी विभाग चौकसी बरत रहा है। शराब की खेप सीमावर्ती क्षेत्र से पूर्णिया सहित अन्य जिलों तक नहीं पहुंचे, इसके लिए जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह द्वारा विशेष टीम गठित कर निगरानी कराई जा रही है। विशेष टीम सीमावर्ती इलाके में सघन वाहन जांच एवं तकनीकी अनुसंधान पर कार्रवाई कर शराब की खेप और कारोबारी को गिरफ्तार कर नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटा है।
जिला आबकारी अधिकारी के पर्यवेक्षण एवं सहायक आबकारी आयुक्त प्रवर्तन-2 मेरठ के नेतृत्व में पंचायत चुनाव तथा होली पर्व के दृष्टिगत अवैध शराब की बिक्री/परिवहन की रोकथाम के लिए बनाए गए डासना चेक पोस्ट पर विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आशीष पांडेय आबकारी निरीक्षक सेक्टर-4, टी.एस. ह्यांकी आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2, अरुण कुमार आबकारी निरीक्षक सेक्टर-2 गाजियाबाद मय आबकारी स्टाफ द्वारा संयुक्त रूप से चेकिंग के दौरान डासना चेक पोस्ट से बैरियर तोड़कर भागती हुई स्कार्पियो कार को पकड़ लिया। पकड़ी गई स्कोर्पियो से अवैध शराब ले जा रहे सुमित पुत्र जोगेंद्र निवासी जसौर खेड़ी जिला झज्जर एवं अंकित पुत्र वीरेंद्र निवासी बहादुरगढ़ जिला झज्जर को पकड़ा गया। वाहन से 20 पेटियों में 240 बोतल अवैध विदेशी शराब रिटर्न व्हिस्की एवं 5 पेटियों में 60 बोतल अवैध विदेशी शराब हरियाणा राज्य में बिक्री के लिए अनुमन्य बरामद हुई। दोनों आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मोदीनगर गाजियाबाद रमाशंकर सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत ग्राम कनकपुर में छोटा हाथी वाहन को अवैध शराब के परिवहन करते पकड़ा गया। गाड़ी में 35 पेटी मिस इंडिया ब्रांड फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश, 35 पेटी दिलदार ब्रांड फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश व पांच पेटी रॉयल सीक्रेट व्हिस्की फॉर सेल इन अरुणाचल प्रदेश प्रदेश बरामद हई। गाड़ी में 75 पेटियों में कुल 3390 पौवा कुल मात्रा 673.20 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। मौके से सचिन उर्फ भोलू पुत्र ओमपाल निवासी ग्राम अतरौली थाना भोजपुर गाजियाबाद को गिरफ्तार किया गया।