मासूम रोता रहा बदमाश मां का गला घोटते रहे

दिनदहाड़े मासूम के सामने मां को घोट दिया गला
-70 हजार रुपए कैश और करीब सवा लाख रुपए लूटने के बाद बदमाश हुुए फरार

गाजियाबाद। लोनी थाना क्षेत्र के अशोक विहार में बदमाशों ने महिला की हत्या कर घर में लूटपाट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर से 70 हजार रुपए कैश और करीब सवा लाख रुपए कीमत के जेवर लूटकर ले गए। जाते हुए बदमाश घर के मेनगेट की बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब मृतका के बच्चे स्कूल से लौटे तो उन्हें घर के मेन गेट की कुंडी बाहर से बंद मिली। कुंडी खोलकर वह अंदर पहुंचे तो उनकी मां मृत हालत में पड़ी थी। जबकि उनका छोटा मासूम भाई मां की लाश के पास खड़ा रो रहा था। बच्चों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और मृतका के पति व पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

लोनी क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में मुनिया(35)पति दिलशाद,दो बेटी अलीशा(13)और आहना(10)और बेटे अरहाम(3)के साथ रहती थीं। पति दिलशाद गैस एजेंसी पर सिलेंडर सप्लाई करने का काम करता है। शनिवार की दोपहर में घर में मुनिया और मासूम अरहाम अकेले थे। दोपहर करीब 2 बजे दोनों बेटियां स्कूल से घर वापस आईं तो मुख्य दरवाजे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। कुंडी खोल कर जैसे ही दोनों बहनें अंदर गईं तो उनके होश उड़ गए। उनकी मां मृत अवस्था में सोफे के ऊपर पड़ी हुई थी और उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे।अशोक विहार कॉलोनी में शनिवार को दिन-दहाड़े एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई है। कॉलोनी में लूटपाट के बाद गला दबाकर महिला की हत्या की इस वारदात के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है। शनिवार सुबह पति काम पर चले गए थे। अलीशा और आहट अपने स्कूल चली गई थीं।मकान के ऊपर वाले कमरे का सामान भी बिखरा हुआ था। परिजनों ने बताया कि अज्ञात हमलावरों ने घर से करीब 70 हजार रुपए 1.25 लाख रुपए का जेवर भी लूटकर ले गए। इस घटना की सूचना मिलने पर लोनी सीओ अतुल कुमार सोनकर,लोनी थाना प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छानबीन की। मगर बदमाशों को कोई सुराग नहीं लग सका। पुलिस कई पहलुओं को लेकर जांच कर रही है।

एसपी ग्रामीण डॉ.ईरज राजा का कहना है कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मृतका मुनिया पर गले पर चोट के निशान मिले है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि लूटपाट के बाद कपड़े से गला दबाकर मुनिया की हत्या कर दी गई। इस मामले की जांच कर जल्द ही हत्यारोपी को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।