जिलें में गुड मॉर्निग गैंग के बाद कटर गैंग का आंतक

बदमाशों के आगे बेबस नजर आ रही है पुलिस

दिन निकलते ही लूट की वारदातों से दहला जिला गाजियाबाद

कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने दो महिला समेत चार लोगों से की लूट

कटर से सोने का कड़ा काटकर, कंगन उतरवाकर और चेन झपटकर हुए फरार

गाजियाबाद। जिले में इन दिनों गुड मॉर्निग गैंग के बाद कटर गैंग के बदमाशों ने दहशत फैलाया हुआ है। कटर गैंग लगातार अपनी वारदातों को अंजाम दे रहें है। बदमाश पुलिस को चुनौती देते हुए लगातार किसी न किसी व्यापारी व राहगीरों को दिन निकलते ही निशाना बना रहे हैं। आए दिन हो रही वारदातोंं ने पुलिस सुरक्षा की पोल खोल कर दी है। पुलिस गश्ती के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। पुलिस की कार्रवाई सिर्फ मुकदमे दर्ज करने तक सीमित रह गए हैं। बदमाश पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं। पुलिस चोरों का सुराग तक नहीं जुटा पा रही है। जब भी कोई फरियादी पुलिस के पास अपने केस के बारे में पूछता है तो उसे एक रटा-रटाया जवाब मिलता है-जांच कर रहे है। कार सवार हथियारबंद बदमाशों ने दो महिला समेत चार लोगों से लूटपाट की। मॉर्निंग वॉक पर जा रहे जहां एक युवक का बदमाशों ने कटर से कड़ा काट कर लूट लिया, वही दूसरे युवक और महिला से हथियारों से बल पर कड़े उतरवा लिए।

इसके अलावा दूसरी महिला से चेन लूट ली। थोड़ी ही देर में हुई लूटपाट की चार वारदातों से लोगों के साथ पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। वारदातों की जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थलों पर पहुंची और जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। कविनगर निवासी रचिन सपरा शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। जैसे ही वह सी ब्लॉक में पीडीएच स्टोर के पास पहुंचे तो उन्हें आई-20 कार में सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने घेरकर करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का हाथ में पहना हुआ कड़ा लूटने लगे। विरोध करने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। कड़ा न उतरने पर बदमाशों ने उसे कटर से काट दिया और फरार हो गए। इसके बाद रचिन सपरा ने लूट की जानकारी 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। घटना-2- कविनगर में ही रहने वाले रमित कोहली को भी बदमाशों ने मॉर्निंग वॉक के दौरान राजनगर सेक्टर-3 चौकी से 100 मीटर की दूरी पर घेर लिया और उनसे भी कड़ा लूट लिया। इस वारदात को भी कार सवार बदमाशों ने ही हथियारों के बल पर अंजाम दिया। जिसके बाद बदमाश राजनगर सेक्टर-7 पहुंचे। यहां घर के बाहर टहल रहीं बुजुर्ग सुलोचना देवी को देख रुक गए। दो बदमाश कार से उतरे और उनसे सोने के कंगन उतारने को कहा। विरोध करने पर कटर से सोने के कंगन काट लिए। यह घटना साढ़े पांच बजे की है। घटना के बाद पीडि़तों ने मीडिया से बात करने से इन्कार कर दिया। वहीं एसएचओ नागेंद्र चौबे से लेकर उच्चाधिकारी भी जानकारी देने से बचते रहे। फिर आइ-20 कार सवार बदमाश सुलोचना से लूट के बाद एएलटी रोड और राजनगर एक्सटेंशन से होते हुए साहिबाबाद की ओर भागे। करहेड़ा पुल के पास बदमाशों ने एक और व्यक्ति से लूटपाट की। बदमाशों ने पिस्टल लगाकर अंगूठी व चेन लूट ली। हालांकि यह घटना साहिबाबाद और थाना सिहानी गेट पुलिस सीमा विवाद में फंसी रही।
फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
लूटपाट की वारदातों होने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जहां जांच पड़ताल कर बदमाशों की तलाश में हाथ-पैर मारे, वही वह आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने में लगी है। पुलिस का कहना है कि दी जा रही तहरीरो के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।

पीडि़तों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाने में तीन लोगों की सूचना आई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पहचान की जा रही है। सुबह हुई वारदातों से लग रहा है कि यह किसी अन्य गैंग का नही एक ही गैंग का हाथ है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगाई है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
अवनीश कुमार, सीओ द्वितीय