प्रापर्टी के लालच में भाइयों ने ही ईट से की थी हत्या, दो भाई गिरफ्तार

गाजियाबाद। मसूरी स्थित चित्तौड़ा गांव में ट्यूबवेल के पास 22 जनवरी की सुबह मृत अवस्था में मिले अतुल उर्फ बब्लू की हत्या प्रापर्टी के लालच में आकर उनके ही दो भाइयों ने की थी। करीब दो माह बाद मसूरी पुलिस ने घटना का खुलासा कर आरोपी भाईयों को गिरफ्तार कर लिया है। 21 जनवरी की शाम को संदिग्ध हालात में लापता हुए बब्लू का शव अगले दिन सिर कुचली हालत में मिला था। चचेरे भाई विपिन ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं घटना के खुलासे से बब्लू की मां व अन्य स्वजन पुलिस के पर्दाफाश से सहमत नहीं हैं।
शनिवार को घटना का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बब्लू के भाई धर्मेंद्र और चचेरे भाई हृदेश को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली है। शादी के बाद ही पत्नी से अलग होकर बब्लू घेर में सोता था और धर्मेंद्र के घर खाना खाता था। बब्लू के अधिक शराब पीने की वजह से धर्मेंद्र अक्सर उसे टोकता था। 21 जनवरी को मोदीनगर मिल में गन्ना डालने के बाद भी उसने दोस्तों के साथ शराब पी। घर पहुंचने पर धर्मेंद्र ने नाराजगी में उसे धक्का दे दिया। एसएचओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बब्लू के गिरते ही हृदेश वहां आया और बब्लू के चलते बदनामी होने और प्रापर्टी का लालच देकर धर्मेंद्र से खत्म कर देने की बात कहींं। हत्या का इरादा कर दोनों बब्लू को बाइक पर बैठाकर गांव के बाहर ट्यूबवेल पर ले गए। धर्मेद्र ने ईंट से पहला वार बब्लू के सिर पर किया, लेकिन खून देखकर वह अलग हट गया। आरोप है कि हृदेश ने कई वार कर बब्लू को मौत के घाट उतार दिया। पूछताछ में पता चला कि उन्होंने 21 जनवरी की रात बब्लू को अंतिम बार धर्मेंद्र और हृदेश के साथ बाइक पर जाते हुए देखा था। जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।