गाजियाबाद। एसएसपी ने रविवार को राजपत्रित अधिकारियों के साथ पुलिस लाइन सभागार में गोष्ठी आयोजित की। इस दरम्यान आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखकर अपराध नियंत्रण व संभ्रांत नागरिकों से समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। गोष्ठी में एसएसपी कलानिधि नैथानी ने क्षेत्राधिकारियों द्वारा जारी विवेचनाओं की समीक्षा कर लंबित विवेचनाओं के त्वरित एवं विधिवत निस्तारण के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित विभागीय जांच के नियमानुसार त्वरित निस्तारण, शासन, डीजीपी, जोन एवं रेंज तथा विभिन्न आयोग से प्राप्त लंबित प्रार्थना पत्र की जांच का समयबद्ध विधिवत निस्तारण, आईजीआरएस एवं आरटीआई एवं पुलिस कार्यालय में प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने, जनपद में घटित जघन्य अपराधिक वारदातों के अनावरण, थाना वार टॉप टेन अपराधियों के विरूद्ध कार्रवाई, सक्रिय अपराधियों की जमानत निरस्तीकरण के निर्देश दिए गए। एसएसपी नैथानी ने कहा कि आगामी त्यौहारों के मद्देनजर पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को यातायात पुलिस से डेढ़ सौ आरक्षियों को शहरी क्षेत्र में नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सक्रिय अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए। सर्राफा बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बैंक, भीड़-भाड़ वाले बाजारों, प्रमुख चौराहों व संवेदनशील स्थानों आदि पर प्रभावी पुलिस गश्त एवं पिकेटिंग लगाई जाए। उन्होंने घर-घर किरायेदार सत्यापन के लिए पंपलेट छपवाने के निर्देश भी दिए हैं।
















