रायपुर। मध्य प्रदेश के सागर जनपद में दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई है। वहां प्रेम करने के चक्कर में युवक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। आरोप है कि प्रेमिका के परिजनों ने कथित तौर पर प्रेमी को जिंदा जला दिया। ऐसे में पीड़ित ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। शिकायत मिलने पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह हद्य विदारक घटना जनपद सागर के नारयोली थाना क्षेत्र के सेमरा लहरिया गांव की बताई गई है।
एसपी अतुल सिंह के मुताबिक घटना गुरुवार की देर रात की है। घटना में प्रेमिका भी बुरी तरह घायल हो गई है। 23 वर्षीय महिला के साथ युवक का प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस महिला का आरोप है कि युवक ने मिट्टी का तेल डालने के बाद उसे आग लगाने का प्रयास किया, मगर गलती से वह खुद आग की चपेट में आ गया। जबकि उसके परिवार के सदस्यों ने दोनों को बचाने की भरसक कोशिश की।
एसपी ने बताया कि पीड़ित युवक की शुक्रवार को अस्पताल में इलाज के दरम्यान मौत हो गई। मौत से पहले युवक ने बयान भी दिया था। उसने बताया था कि उसे गुरुवार की रात एक फोन आया था। कॉलर ने उसे एक बैठक के लिए महिला के घर आने के लिए कहा था। उसने कहा कि जब वह वहां गया तो उसके परिवार के 4 सदस्यों ने उस पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार के सदस्यों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, पीड़ित पक्ष ने शुक्रवार की शाम सागर-बीना रोड पर नाकाबंदी कर महिला के मकान को गिराने की मांग की।
















