देश-विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों लोगों से कर चुके करोड़ों की ठगी

चेक बुक, पांच मोबाइल और कार समेत दो ठग गिरफ्तार

गाजियाबाद। साइबर क्राइम सैल और साहिबाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने देश विदेश में लोगों की नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों रूपए की ठगी करने वाले दो ठगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चेक बुक, पांच मोबाइल और कार बरामद की है। बुधवार को साहिबाबाद थाने में घटना की जानकारी देते हुए सीओ अल्का दुबे ने बताया कि क्राइम इंस्पेक्टर रमेश चन्द्र सिंह, साइबर क्राइम सेल प्रभारी सुमित कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए मोहननगर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। उन्होने बताया कि एक युवक से विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर 39 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जिसकी शिकायत के बाद साइबर क्राइम सेल को जांच पड़ताल में लगाया गया था। जांच में मामला सही पाया गया तो टीम ठगों की गिरफ्तारी करने में जुट गई। इसी क्रम में टीम को सूचना मिली कि ठग साहिबाबाद क्षेत्र में देखे गए हैं। इस सूचना पर हरकत में आई टीम साहिबाबाद पुलिस को साथ लेकर बताए हुए स्थान पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर ठग कार लेकर भागने लगे। जिनको पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी बनाकर दबोच लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान सोनवीर और अजीत निवासी मथुरा है। पूछताछ करने पर पकड़े गए ठगों ने बताया कि लोगों के खातों में रुपए डलवाते थे। रकम खाते में आने के बाद एटीएम या चेक से निकाल कर सिम में मोबाइल तोड़ दिया करते थे। पूर्व में हमारे साथी गिरोह का सरगना श्यामसुंदर और उसकी पत्नी सोनिया गौतमबुद्धनगर से जेल जा चुके हैं। बताया कि अब तक हम दर्जनों लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी कर चुके हैं।
साइबर क्राइम सेल अन्य पुलिस के सहयोग से आए दिन ऐसे गिरोह का पर्दाफाश कर रही है, जो विभिन्न तरीकों से लोगों से ठगी करते थे। आए दिन प्रकाश में आ रहे ऐसे मामलों से जहां लोग सनन है, वहीं पुलिस का कहना है कि ठगों पर कार्रवाई जारी रहेगी। सीओ ने बताया पकड़े गये आरोपित पिछले 3 वर्षो में हजारों लोगों से करोड़ो रूपए की ठगी कर चुके है।