दो लाख रूपए की सुपारी देकर कराई गई थी भाजपा विधायक के मामा की हत्या

दो शूटर समेत तीन गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त हथियार, स्कूटी और नकदी बरामद

हत्या से पूर्व बदमाशों को नही पता था मृतक था विधायक का मामा

पुरानी रजिंश को लेकर बड़े भांजे ने दी थी मामा की सुपारी

गाजियाबाद। भाजपा विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा नरेश त्यागी की हत्या बडे भांजे एवं हिंदु युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष ने पुरानी रजिंशन दो लाख रूपए की फिरौती देकर शूटरों से कराई थी। हत्याकांड में हिंदू युवा वाहिनीं के पूर्व जिलाध्यक्ष को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है और दो शूटर समेत तीन हत्यारोपियों को सिहानीगेट पुलिस ने ओर गिरफ्तार किया है। जबकि साजिशकर्ता बडा भांजा फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। 
बता दें कि गत बुधवार को पुलिस ने दावा किया था कि जितेन्द्र त्यागी ने विधायक के बड़े भाई गिरीश त्यागी के साथ मिलकर पारिवारिक विवाद के चलते दो माह पूर्व विधायक के मामा नरेश त्यागी की हत्या की साजिश रची थी और गत 9 अक्टूबर को लोहिया नगर में नरेश त्यागी को मॉर्निंग वॉक के दौरान शूटरों से हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला। वहीं पुलिस के इस खुलासे पर विधायक ने असंतोष जाहिर किया था।
शुक्रवार को हरसांव पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी कलानिधि नैथानी ने एसपी सिटी अभिषेक वर्मा, एसपी ग्रामीण नीरज जादौन की मौजूदगी में बताया कि हत्याकांड में दो शूटर विपिन शर्मा पुत्र मुन्नालाल शर्मा निवासी सौंदा रोड मोदीनीगर, अर्पण चौधरी पुत्र सतीश चौधरी गांव खुशहाल गुलावटी, मनोज पुत्र बृजभूषण निवासी सद्दीक नगर को मुखबिर की सूचना पर सिहानीगेट थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शुक्रवार सुबह रोटरी गोल चक्कर से गिरफ्तार किया है। एसएसपी ने बताया मृतक के बड़े भांजे गिरीशी त्यागी और जितेन्द्र त्यागी ने दो लाख रुपए में मनोज के माध्यम से शूटर विपिन शर्मा और अर्पण चौधरी को हत्या की सुपारी दी थी। जिसमें से 50 हजार रुपए एडवांस दे दिए गए थे, जबकि अन्य रकम हत्या करने के बाद लखनऊ में देने की बात की गई। उन्होंने बताया कि बदमाशों से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल, तमंचा और स्कूटी के अलावा एक रिवाल्वर, दो मोबाइल, कारतूस व 2350 बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि नरेश त्यागी की हत्या करने की बातचीत के दौरान उन्हें यह नहीं बताया गया था कि वह विधायक अजीत पाल त्यागी के मामा हैं। हत्या करने का समय सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान बताया गया था। बदमाश विपिन शर्मा पर 6 और अर्पण चौधरी पर 10 अपराधिक मुकदमें विभिन्न थानों में दर्ज हैं। एसपी सिटी अभिषेक वर्मा ने बताया कि नरेश त्यागी हत्याकांड के बाद पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और 500 से अधिक नंबरों को खंगाला गया। जिसके बाद बदमाशों के हुलिए और आने जाने का रूट निर्धारित हो गया। इसके बाद जितेंद्र त्यागी की कॉल डिटेल खंगाली गई। जिसमें पकड़े गए बदमाशों की जितेंद्र त्यागी से अनगिनत बार बातचीत का रिकॉर्ड पाया गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।