गाजियाबाद। नगर निगम के उदलनगर में रहने वाले संविदाकर्मी ने संदिग्ध परिस्थिति में फांसी लगा ली। सोमवार की सुबह उसका शव मकान में फंदे से लटका मिला है। परिजनों ने खुद शव को फंदे से उतारकर यशोदा अस्पताल पहुंचाया,जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि अस्पताल से उदलनगर निवासी राहुल पंवार के फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि परिजन खुद ही फंदे से शव उतारकर अस्पताल ले आए थे।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राहुल के परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। पत्नी के मुताबिक रविवार की रात राहुल बच्चों व उनके साथ एक ही कमरे में सोए थे। लेकिन जब वह सुबह उठीं तो उनके पति कमरे में नहीं थे। दूसरे कमरे का दरवाजा खुला था, जिसमें राहुल का शव पंखे पर लटका था। पुंडीर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने भी कोई वजह नहीं बताई है। ऐसे हालात में मौत के कारणों की पड़ताल के लिए पुलिस राहुल के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाल रही है।















