प्यार का जुनून, करोड़पति घराने की बहू ऑटो चालक संग फरार

घर से 47 लाख रुपए भी ले गई, तलाश कर रही पुलिस

इंदौर। प्यार वाकई अंधा होता है। प्यार न उम्र देखता है और ना अमीरी-गरीबी। प्रेमी-प्रेमिका अपनी जिद पर उतर आएं तो उन्हें दुनिया की कोई परवाह नहीं होती। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में प्रकाश में आए प्रेम-प्रसंग के मामले ने पुलिस के भी होश उड़ा दिए हैं। करोड़पति घराने की बहू का दिल ऑटो रिक्शा चालक पर आ गया। चालक अक्सर महिला को ऑटो से घर छोड़ने आता था। इस बीच दोनों एकाएक फरार हो गए। प्रेमी संग फरार होने से पहले महिला ने अपने घर से 47 लाख रुपए भी उड़ा लिए। इस प्रकरण की शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

महिला से उम्र में 13 साल छोटे ऑटो चालक की पुलिस को सरगर्मी से तलाश है। फ्री प्रेस जरनल में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना इंदौर के खजराना क्षेत्र की है। पीड़ित पति ने पुलिस में पत्नी के गुम होने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि घर से 47 लाख रुपए भी गायब हैं। पुलिस जांच में मालूम पड़ा कि ऑटो चालक अक्सर महिला को उसके घर तक छोड़ने आता था। गत 13 अक्टूबर से दोनों लापता हैं। देर रात तक महिला के घर ना लौटने पर पति ने खोजबीन शुरू की। कोई परिणाम न निकलने पर पुलिस से शिकायत की गई।

महिला के पति के पास करोड़ों रुपए की भूमि है। किसी काम के सिलसिले में इस व्यक्ति ने मोटा कैश घर की अलमारी में रखा था। पुलिस का कहना है कि आरोपी आॅटो रिक्शा चालक इमरान की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। वह महिला से उम्र में 13 साल छोटा है। महिला की उम्र करीब 45 साल और आरोपी इमरान की उम्र 32 साल है। उधर, महिला और ऑटो चालक की तलाश में पुलिस ने खंडवा, जावरा, उज्जैन और रतलाम में दबिश दी है। इन 4 शहरों में आरोपी की लोकेशन मिली है। पुलिस का कहना है कि दोनों के मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है।