आक्सीजन फ्लोमीटर की कालाबाजारी करने वाले तीन गिरफ्तार

-लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर वसूलते थे मनमाने दाम
-15 से 20 हजार रूपए में 200 से अधिक लोगों को कर चुके सप्लाई

गजियाबाद। आक्सीजन फ्लोमीटर की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का घंटाघर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से आठ आक्सीजन फ्लोमीटर, एक लाख रुपये व एक कार बरामद की है। पकड़े गए आरोपित कोरोना काल में आक्सीजन की भारी मांग के चलते यह धंधा कर रहे थे। आरोपित जरूरतमंदों को आक्सीजन फ्लोमीटर 15 से 20 हजार रुपये में उपलब्ध करा रहे थे। एसएचओ संदीप सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपित सीमापुरी दिल्ली निवासी सलमान, दिलशाद कॉलोनी दिल्ली निवासी इमरान व जामा मस्जिद दिल्ली निवासी जावेद है। पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वह दिल्ली व आसपास के इलाकों में स्थित सर्जिकल की दुकानों से यह आक्सीजन फ्लोमीटर आठ सौ रुपये से एक हजार रुपये में खरीदकर जरूरतमंद लोगों को 15 से 20 हजार रुपये में बेचते थे। इनके पास से बरामद रकम आक्सीजन फ्लो मीटर बेचकर ही कमाई गई है। कोरोना काल में अगर देखा जाए तो जैसे-जैसे लोगों की जरूरतें बढ रही है तो वैसे ही बाजार में कालाबाजारी भी बढ रही है। इंसान की जरूरत की चीजों को स्टॉक कर मनचाहे दाम वसूल रहे है। कोरोना के चलते आक्सीजन की मांग बढ़ गई है। सिलेंडर पर लगाए जाने वाले आक्सीजन फ्लोमीटर की मांग भी बढ़ी तो आरोपित सक्रिय हो गए। इसके बाद उन्होंने आक्सीजन फ्लोमीटर खरीदे और कालाबाजारी का धंधा शुरू कर दिया। आरोपितों ने पूछताछ में बताया है कि वह अब तक जरूरतमंद लोगों को 200 से अधिक आक्सीजन फ्लोमीटर बेच चुके हैं। आरोपित आक्सीजन फ्लो मीटर की कमी के कारण लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाने दाम वसूल रहे थे।