टिंकू बना लुटेरा, उधारी चुकाने के लिए करने लगा लूटपाट

-मिर्ची स्पे्र छिड़ककर लाखों रूपए लेकर हो गया था फरार, गिरोह के तीन साथी फरार

गाजियाबाद। करीब दो माह पूर्व तंबाकू कारोबारी से साहिबाबाद क्षेत्र में हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए साहिबाबाद पुलिस ने लूट के आरोपी टिंकू को गिरफ्तार किया है। उधारी चुकाने के लिए गिरोह के सरगना और मामा व ममेरे भाई के साथ मिलकर अगस्त में लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र में कारोबारी से लूट की थी। पुलिस अन्य तीनों आरोपितों की तलाश कर रही है।
साहिबाबाद थाने में तंबाकू कारोबारी से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए एसपी सिटी सैकेंड ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने सीओ साहिबाबाद आलोक दुबे की मौजूदगी में बताया कि पकड़ा गया लुटेरा टिंकू निवासी देहरा थाना मसूरी को सोमवार सुबह करहैड़ा कट के पास से गिरफ्तार किया गया। जिसके कब्जे से पुलिस ने 5 हजार रुपए, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, तमंचा व कारतूस बरामद किया है। पूछताछ में पता चला है कि उसने गिरोह के सरगना बिरजू निवासी लोनी से बेटी के जन्म होने पर 25 हजार रुपए उधार लिए थे। उसके मामा सबोध और ममेरे भाई रेशू (सबोध का बेटा) ने भी बिरजू से रुपये उधार लिए थे। वह तीनों उधार नहीं चुका पा रहे थे। इस पर बिरजू ने उनसे लूट करने को कहा। योजना के तहत चार अगस्त की शाम चारों अपाचे और स्पलेंडर मोटरसाइकिल से साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित लोनी रोड औद्योगिक क्षेत्र पहुंचे। यहां मोपेड सवार कारोबारी राम बहादुर यादव व उनके दोस्त चंदन की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। राम बहादुर से करीब दो लाख रुपए और दो लाख की सिगरेट लूट ली। विरोध करने पर बट से वार करके चंदन का सिर फोड़ दिया। चारों भागकर लोनी में छिप गए।

साहिबाबाद सीओ आलोक दुबे ने बताया बिरजू लुटेरा गिरोह का सरगना है, रैकी करने के बाद साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देता था। मोहननगर स्थित कटोरी मिल के पास शराब ठेके पर शराब पीने के दौरान सिगरेट कारोबारी की बिरजू ने ही रैकी की थी। बिरजू को मालूम था कि पेमेंट कलेक्शन करने के बाद कारोबारी रोजाना शराब के ठेके पर आते हैं। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद लोनी में बिरजू ने टिंकू, सबोध और रेशू को मात्र 10-10 हजार रुपए दिए थे। शेष धनराशि स्वयं हजम कर गया। उन तीनों की तलाश की जा रही है। गिरोह का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है।

साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र चौबे ने बताया कि छठीं पास टिंकू ने फिजूलखर्ची के चक्कर में बिरजू से उधार रुपये लिए। कमाई न होने के कारण उसे चुका नहीं पाया और अपराधी बन गया। उन्होंने कहा कि उसके बारे में अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं। हो सकता है कि वह पहले भी जेल जा चुका हो। एसपी सिटी द्वितीय ने बताया आरोपी टिंकू ने अपने साथी बिरजू, रेशू एवं सुबोध के साथ मिलकर 4 अगस्त की रात को मोहननगर क्षेत्र स्थित कटोरी मिल के पास से कलेक्शन करके अपने घर जा रहे सिगरेट व्यापारी को अपनी बाइक से ओवरटेक व्यापारी के पीछे बैठे साथी पर मिर्र्ची स्पे्र डालकर रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। विरोध करने पर व्यापारी के साथ बैठे व्यक्ति के सिर पर तंमचे की बट मारकर घायल कर दिया था। बिरजू ने मोहननगर पर व्यापारी से लूट की योजना बनाई। जिसकी वह पहले ही रैकी कर चुका है। उधार के रूपयों को चुकाने के लिए 4 अगस्त को लूट की वारदात को अंजाम दिया।