-मसूरी थाने में 9 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत डासना की आनंद विहार कॉलोनी में बधाई मांगने पर दूसरे पक्ष के किन्नरों के विरोध किए जाने पर दोनों पक्षों में जमकर भिड़ंत हो गई। मसूरी थाने में इस मामले में 9 किन्नरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आनंद विहार कॉलोनी निवासी किन्नर का आरोप है कि उसके इलाके में बधाई का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के किन्नर ने अपने साथियों के साथ उसके घर पर पथराव कर दिया। पथराव में एक किन्नर घायल हो गई। इसके अलावा आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियों कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। किन्नरों की तहरीर पर पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डासना की आनंंद विहार कॉलोनी निवासी किन्नर आयशा का कहना है कि किन्नरों के नियमों के अनुसार उसे बालाजी एंक्लेव गोविंदपुरम का इलाका बधाई मांगने के लिए आवंटित है। इसके बावजूद आकाश विहार कॉलोनी डासना निवासी गुड्डी उर्फ नईम उसके इलाके में जबरन बधाई वसूलता है। पता चलने पर उसने कई बार गुड्डी उर्फ नईम का विरोध किया,लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। आयशा का कहना है कि दो दिन पहले भी उसने गुड्डी से उसके क्षेत्र में बधाई वसूलने का विरोध किया था। इसी बात से तैश में आकर गुड्डी उर्फ नईम ने अपने साथियों मुन्फैद, गुलजार, सद्दाम,जहुल, शहजाद उर्फ गुड्डू, बब्बू, बिल्लो और स्वीटी उसके घर पर आए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध किया तो आरोपियों ने उसके घर पर पथराव कर दिया और घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो कार क्षतिग्रस्त कर दी। आरोपी और उनके साथ ही धमकी देते हुए फरार हो गए। मसूरी थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर 9 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।















