अभिनेत्री जरीना का कार्डियक अरेस्ट से निधन

अब नहीं रहीं कुमकुम भाग्य की इंदू सूरी

नई दिल्ली। छोटे पर्दे की प्रख्यात अभिनेत्री जरीना रोशन खान अब नहीं रहीं। कार्डियक अरेस्ट आने के कारण उनका निधन हो गया। जरीना ने टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक ये रिश्ता क्या कहलाता है और कुमकुम भाग्य में अपनी अदाकारी को बखूवी दिखाया था। उनके काम को काफी पसंद किया गया था। कोरोना काल में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से निरंतर बुरी खबरें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में अब अभिनेत्री जरीना रोशन खान (54) का निधन हो गया है। उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था। उन्होंने टीवी शो के अलावा कुछ फिल्मों में भी काम किया था। जरीना के निधन की खबर से फिल्म और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न सितारों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। जरीना की पहचान छोटे पर्दे से बनी। उन्होंने टीवी दर्शकों के दिल में अलग जगह बनाई थी। लोकप्रिय धारावाहित कुमकुम भाग्य में वह इंदू सूरी के किरदार में नजर आई थीं, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। कुमकुम भाग्य में उनके साथी कलाकार शब्बीर अहलूवालिया और श्रीति झा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जरीना को याद किया। शब्बीर ने उनके साथ फोटो पोस्ट की और लिखा, ये चांद सा रोशन चेहरा। शब्बीर की इस पोस्ट पर श्रद्धा आर्य, मृणाल ठाकुर, अंकित मोहन और अन्य सितारों ने जरीना रोशन खान को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रीति झा ने जरीना रोशन खान का वीडियो शेयर किया है। इसमें वह मस्ती में डांस करती नजर आ रही हैं। इसके अलावा श्रीति ने जरीना के साथ अपनी तस्वीर भी शेयर की है। बता दें कि इसके पहले कई और सितारे असमय दुनिया छोड़ चुके हैं। इनमें ऋषि कपूर, इरफान पठान, सुशांत सिंह राजपूत जैसे नाम भी शामिल हैं। अभिनेत्री जरीना रोशन खान के आकस्मिक निधन ने बॉलीवुड को फिर शोक में डूबा दिया है।