महिला आयोग के द्वार पर पहुंची पायल घोष

खतरे में जान, मांगी वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा

नई दिल्ली। फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ संघर्षरत अभिनेत्री पायल घोष ने मंगलवार को दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा से मुलाकात की। इस दरम्यान पायल ने अनुराग की कारगुजारियों की जानकारी दी। इसके अलावा अपनी जान को खतरा बताकर वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा देने की मांग की। अभिनेत्री पायल कश्यप ने कुछ दिन पहले मुंबई के वर्सोवा पुलिस स्टेशन में फिल्मकार अनुराग कश्यप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पायल ने अनुराग पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पुलिस ने जांच के सिलसिले में आरोपी को तलब कर पूछताछ की थी, मगर अब तक इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई न होने से अभिनेत्री पायल परेशान हैं। उन्हें अपनी जान का खतरा भी सता रहा है। इस बीच उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद पायल ने कहा कि जांच को कैसे आगे बढ़ाया जाए, उस पर चर्चा की गई। वह हमेशा मेरे साथ हैं। मैंने वाई प्लस कैटेगरी की सुरक्षा की भी मांग की है। इसके पहले पायल घोष ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की थी। अनुराग कश्यप के विरूद्ध आवाज बुलंद करने के बाद से अभिनेत्री को डर महसूस हो रहा है। वह चाहती हैं कि उन्हें सुरक्षा मिलने के साथ-साथ आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। बता दें कि अनुराग ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से नकार दिया है। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपने बचाव में काफी दलीलें दी थीं। सूत्रों का कहना है कि रेप केस में फंसे अनुराग कश्यप के प्रति मुंबई पुलिस का रवैया भी नरम है। सुशांत सिंह राजपूत केस के बाद से फिल्म जगत में घमासान चल रहा है। पहले कंगना रनौत फिर पायल घोष ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई।