प्रख्यात अभिनेता परेश रावल को एनएसडी की कमान

-नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के चेयरमैन नियुक्त

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रख्यात अभिनेता एवं भाजपा के पूर्व सांसद परेश रावल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अब उनके नेतृत्व में एनएसडी के काम-काज को बेहतर किया जाएगा। प्रसिद्ध राजस्थानी कवि अर्जुन देव चरण की जगह एनएसडी में परेश रावल लेंगे। अर्जुन देव चरण को 2018 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) का चेयरमैन बनाया गया था। रावन को एनएसडी की कमान मिलने की जानकारी केंद्रीय मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोशल मीडिया पर दी। केंद्रीय मंत्री पटेल ने लिखा कि प्रख्यात कलाकार माननीय परेश रावल को महामहिम राष्ट्रपति द्वारा नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी प्रतिभा का लाभ देश के कलाकारों एवं विद्यार्थियों को मिलेगा। उधर, एनएसडी ने भी परेश रावत की नियुक्ति पर प्रसन्नता जाहिर की है। हिंसी सिनेमा जगत में परेश ने अपनी अलग पहचान कायम की है। वह अपने प्रत्येक किरदार में खरे उतरे हैं। उनके अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा है।
सिविल इंजीनियर बनने की थी ख्वाहिश
अभिनेता परेश रावल का जन्म 30 मई 1950 को मुंबई में हुआ था। वह सिविल इंजीनियर के जरिए कैरियर शुरू करना चाहते थे, मगर किस्मत को कुछ और मंजूर था। परेश ने नर्सी मूंजी कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड इकनॉमिक्स, विले पार्ले मुंबई से पढ़ाई पूरी की। बाद में नौकरी के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा। वर्ष 1984 में फिल्म होली से उन्होंने बॉलीवुड में एंट्री की। इस फिल्म में उन्होंने सपोर्टिंग कलाकार का रोल किया था। फिल्म हेराफेरी में निभाए गए उनके किरदार बाबूराव गनपत राव आप्टे ने दर्शकों का काफी मनोरंजन किया। फिल्म में सुनील शेट्टी उन्हें बाबू भईया कहकर बुलाते हैं। परेश रावल बाबू भईया के किरदार में बेहद लोकप्रिय हो गए।