संजय राउत के तेवर ढीले नहीं, माफी से पहले रखी शर्त

-कंगना के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर फंसे शिवसेना नेता

उदय भूमि ब्यूरो
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत के बीच तल्खी और ज्यादा बढ़ गई है। तीखी जुबानी जंग के कारण यह विवाद चरम पर पहुंच गया है। मर्यादा की लक्ष्मण रेखा को लांघने के बावजूद राउत के तेवर ढीले नहीं पड़े हैं। बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उन्होंने कंगना से माफी मांगने से पहले शर्त रख दी है। नेता और अभिनेत्री के मध्य की यह जंग सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चाओं में है। अभिनेत्री कंगना रनौत ने कुछ दिन पहले बॉलीवुड में ड्रग्स का कारोबार और मुंबई पुलिस के खिलाफ तीखी बयान दिया था। इसके बाद से शिवसेना नेता संजय राउत को मिर्ची लगी हुई है। दोनों के बीच निरंतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है। हालांकि राउत ने मर्यादा की लक्ष्मण रेखा को लांघकर कंगना के विषय में काफी आपत्तिजनक बयान दिया था। इसके बाद कंगना ने भी पलटवार करने में देरी नहीं की। विवाद गहराने के बाद भी राउत इस प्रकरण में आसानी से माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। विवाद पर संजय राउत ने कहा है कि अगर वह लड़की (अभिनेत्री कंगना रनौत) महाराष्ट्र से माफी मांगेगी, तो मैं इसके बारे में सोचूंगा (माफी मांगने के बारे में)। वह मुंबई को मिनी पाकिस्तान कहती है। क्या अहमदाबाद के बारे में भी ऐसा ही कहने का साहस है। दरअसल संजय राउत ने धमकी भरे लहजे में मुंबई वापस न आने को कहा था, जिस पर कंगना उखड़ गई थीं। उन्होंने शिवसेना राज में मुंबई की तुलना पीओके से कर दी थी। उन्होंने निशाना तो शिवसेना सरकार पर साधा था, मगर जिस तरह से लिखा गया, उससे उनके विरोधियों को मौका मिल गया कि उस बयान को मुंबई के खिलाफ दिखा कर कंगना को निशाने पर लिया जाए। फिलहाल यह विवाद सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं में है। कंगना रनौत के फैंस शिवसेना नेता को पानी पी-पीकर कोस रहे हैं।