कंगना और दीपिका के बीच अदावत दूर नहीं

वर्ल्ड मेंटल हेल्थ-डे पर सामने आई तल्खी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत और दीपिका पादुकोण के बीच की अदावत कम नहीं हो सकी है। बेबाक बयानी के लिए मशगूर कंगना ने वर्ल्ड मेंटल हेल्थ-डे पर नाम लिए बगैर दम मारो दम गर्ल यानी दीपिका पादुकोण पर निशाना साधा है। उन्होंने फैंस से अपनी फिल्म ‘जजमेंटल है क्या देखने की अपील भी की है। सोशल मीडिया पर कंगना की टिप्पणी पर खूब प्रतिक्रिया सामने आ रही हैं। प्रतिवर्ष 10 अक्तूबर को वर्ल्ड मेंटल हेल्थ-डे मनाया जाता है। इस दिन कंगना का दीपिका पर हमला चर्चाओं में है। अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर नाम लिए बगैर दीपिका पादुकोण पर कमेंट किया है। ट्वीट में कंगना ने लिखा है कि ‘फिल्म जो हमने मेंटल हेल्थ अवेयरनेस के लिए बनाई थी, उसे उन नागरिकों ने कोर्ट में चुनौती दे डाली, जो डिप्रेशन की दुकान चलाते हैं। मीडिया बैन के बाद फिल्म का नाम बदला गया, जिससे इसकी मार्केटिंग पर काफी असर पड़ा, मगर यह एक अच्छी फिल्म है और इसे आज ही देखें। कंगना द्वारा दीपिका पादुकोण पर पहले भी तीखा कटाक्ष किया गया है। दोनों अभिनेत्रियों के मध्य की यह अदावत काफी पुरानी है। दीपिका मेंटल हेल्थ के विषय में अक्सर चर्चा करती हैं। वह कई बार पब्लिक प्लेटफार्म पर अपने तनाव की समस्या के बारे में बात कर चुकी हैं। वह सोशल मीडिया पर मेंटल हेल्थ अवेयरनेस के संदर्भ में काफी कुछ लिखती हैं। कुछ दिन पहले भी दीपिका ने डिप्रेशन पर आधारित पोस्ट डाली थी, जिसके जवाब में उसी भाषा में कंगना ने सीधे दीपिका को टारगेट किया था। प्रकाश कोवेलामुडी के निर्देशन में फिल्म ‘जजमेंटल है क्या तैयार की गई थी। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा अभिनेता राजकुमार राव मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में जिमी शेरगिल, अमायरा दस्तूर और अमृता पुरी भी सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे। पहले इस फिल्म का नाम ‘मेंटल है क्या रखा गया था, मगर कुछ सामाजिक संगठनों के विरोध के बाद नाम में बदलाव करना पड़ा।