हाईवे पर मिनी बस-ट्रक में भिड़ंत, 10 की मौत

25 नागरिक घायल, 10 की हालत बेहद गंभीर

लखनऊ। मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर शनिवार की सुबह मिनी बस और ट्रक की भिड़ंत हो गई। ऐसे में 10 नागरिकों की मौत हो गई। जबकि 25 नागरिक घायल हैं। 10 की हालत गंभीर है। हादसे की सूचना मिलने पर डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर नानपुर गांव के सामने शनिवार की सुबह लगभग साढ़े 8 बजे यह घटना घटी। मिनी बस और ट्रक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस बीच मिनी बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार मच गई। मिनी बस बिलारी से मुरादाबाद आ रही थी। नानपुर गांव के सामने हाईवे पर घना कोहरा होने के कारण दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। हादसे में 10 नागरिकों की मौत हो गई। जबकि 25 नागरिक घायल हैं। 10 की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे की सूचना पाकर जिलाधिकारी राकेश सिंह और एसएसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर हादसे की बावत जानकारी ली। जिलाधिकारी सिंह ने जिला अस्पताल जाकर भी घायलों का हाल-चाल जाना। पुलिस ने बताया कि मृतकों में से अधिकांश बिलारी थाना क्षेत्र के नागरिक बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि प्राथमकि जांच में मालूम पड़ा है कि कोहरे और ओवरटेक करने के कारण यह हादसा हुआ। घटनास्थल पर राहगीर और आस-पास के नागरिकों ने सरकारी तंत्र की भरसक सहायता की। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख जाहिर किया है। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद की घोषणा की है। सभी घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए गए हैं।