नगर निगम में 10 नामित पार्षदों ने ली शपथ, विकास को मिलेगी नई गति

-महापौर सुनीता दयाल ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ, जनसमस्याओं के समाधान पर रहेगा विशेष फोकस
-अवसंरचना निधि व 15वें वित्त आयोग के फंड से होंगे विकास कार्य
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद मुख्यालय में सोमवार को आयोजित गरिमामयी समारोह में भारतीय जनता पार्टी के 10 नामित पार्षदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। महापौर सुनीता दयाल ने सभी पार्षदों को शपथ दिलाते हुए शहर के समग्र विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। शपथ लेने वाले नामित पार्षदों में सुमन जाटव, ज्योति चौहान, संजय रावत, श्याम शर्मा, भगवत गुप्ता, प्रदीप चौधरी, अंकुश अरोड़ा, सरदार पम्मी, मधुकर त्यागी और सुनील यादव शामिल रहे। सभी पार्षदों ने नगर निगम के नियमों और दायित्वों का पालन करते हुए जनहित में कार्य करने का संकल्प लिया। महापौर सुनीता दयाल ने अपने संबोधन में कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और विकास कार्यों को निरंतर गति देना है।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम के सभी 100 वार्डों में पहले ही अनेक विकास कार्य कराए जा चुके हैं, लेकिन जहां भी नागरिक सुविधाओं की आवश्यकता महसूस होगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। महापौर ने नव नियुक्त पार्षदों से अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को गंभीरता से समझें और जनता की आवाज बनकर उन्हें निगम स्तर पर मजबूती से उठाएं। उन्होंने बताया कि नामित पार्षदों द्वारा प्रस्तुत विकास प्रस्तावों को लागू करने के लिए अवसंरचना निधि तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का उपयोग किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार हाल ही में शासन द्वारा नामित पार्षदों की घोषणा की गई थी, जिसके बाद औपचारिक रूप से उन्हें दायित्व सौंपने के लिए शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। यह प्रक्रिया नगर निगम प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। शपथ ग्रहण के साथ ही नगर निगम में विकास योजनाओं को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। नव नामित पार्षदों ने भी शहर के सर्वांगीण विकास, स्वच्छता व्यवस्था सुधारने और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। समारोह के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने शहर के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और जनहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।