राशनकार्ड धारकों में 2.42 लाख ने अब तक नहीं कराई केवाईसी

-सितंबर से तीन माह तक राशन वितरण हो सकता है निलंबित, जिला आपूर्ति अधिकारी ने की अपील

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले के लाखों राशनकार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर है। बार-बार अपील और प्रचार-प्रसार के बावजूद अब तक 2,42,853 लाभार्थियों ने अपने राशनकार्ड की केवाईसी नहीं कराई है। जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने स्पष्ट किया है कि यदि तय समयसीमा तक केवाईसी पूरी नहीं की गई तो संबंधित परिवारों को राशन वितरण से वंचित होना पड़ सकता है। गाजियाबाद जनपद में वर्तमान समय में 4,52,461 राशनकार्ड सक्रिय हैं, जिनमें कुल 19,64,904 लाभार्थी शामिल हैं। सरकार और प्रशासन की ओर से सोशल मीडिया, समाचार पत्रों और राशन विक्रेताओं के माध्यम से बार-बार अपील की गई कि सभी परिवार अपने राशनकार्ड से जुड़े प्रत्येक सदस्य की केवाईसी अवश्य कराएं।

इसके बावजूद, 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को छोड़कर अब भी 2.42 लाख से अधिक लाभार्थियों ने केवाईसी पूरी नहीं की है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर बाकी सभी लाभार्थियों के लिए केवाईसी अनिवार्य है। जिन परिवारों ने अब तक केवाईसी नहीं कराई है, उनका राशन वितरण सितंबर माह से अगले तीन माह तक निलंबित कर दिया जाएगा। इस अवधि में वे राशन प्राप्त नहीं कर सकेंगे।

अंतिम अवसर, फिर होगा नाम निरस्त
अधिकारियों के मुताबिक तीन माह के भीतर यदि लाभार्थी केवाईसी करा लेते हैं तो उनका राशनकार्ड पुन: सक्रिय हो जाएगा। लेकिन यदि इसके बाद भी अगले तीन माह तक केवाईसी नहीं कराई गई, तो ऐसे लाभार्थियों का नाम स्थायी रूप से राशनकार्ड से हटा दिया जाएगा।

आपूर्ति अधिकारी की अपील
जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने सभी राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे समय न गंवाएं और अपने नजदीकी राशन विक्रेता के पास जाकर अपने परिवार के सभी सदस्यों की केवाईसी जल्द से जल्द पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिले। यदि कोई लाभार्थी लापरवाही करता है तो वह खुद ही अपने अधिकार से वंचित हो जाएगा।