बिहार : 2 मंत्रियों का नीतीश कैबिनेट से इस्तीफा

चुनाव नतीजे आने से पहले उठा-पटक शुरू

पटना। बिहार में नीतीश कुमार सरकार के 2 मंत्रियों को मंत्रिपरिषद (कैबिनेट) से बाहर कर दिया गया है। इनमें अशोक चौधरी और नीरज कुमार शामिल हैं। विधान सभा चुनाव के नतीजे आने से कुछ दिन पहले सरकार का यह कदम चर्चाओं में आ गया है। बिहार में विधान सभा चुनाव अंतिम दौर में हैं। शनिवार को तीसरे चरण की 78 सीटों पर मतदान होना है। इसके बाद 10 नवंबर को मतगणना कराकर नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। बिहार में तीन चरण में विधान सभा का चुनाव कराया जा रहा है। चुनाव नतीजे आने से पहले नीतीश सरकार के मंत्रीमंडल में उठा-पटक देखने को मिली है। जनता दल (यू) के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी और नीरज कुमार को कैबिनेट से हटा दिया गया है। अशोक चौधरी और नीरज कुमार विधान परिषद सदस्य थे, जिनका कार्यकाल विगत 6 मई को पूरा हो गया था। 6 माह गुजर जाने के बाद दोनों नेता किसी भी सदन के सदस्य नहीं चुने जा सके हैं, जिसके चलते उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा है। भवन निर्माण मंत्री डॉ. अशोक चौधरी और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री नीरज कुमार 2014 में विधान परिषद सदस्य चुने गए थे। नीरज स्नातक कोटे से सदस्य थे। जबकि अशोक विधायक कोटे से चुने गए थे। नीरज पटना क्षेत्र से पुन: स्नातक सीट से एनडीए प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव का परिणाम 12 नंवबर को आएगा। उधर, अशोक चौधरी के एमएलसी मनोनीत होने की संभावना थी, जो आचार संहित लागू होने के कारण पूरी नहीं हो सकी। नतीजन उन्हें कैबिनेट से हटना पड़ा है। बिहार में फिलहाल विधान सभा चुनाव के नतीजों पर सभी की निगाहें हैं। चुनाव में जनता दल (यू) को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से कड़ी टक्कर मिल रही है। लोजपा ने भी नीतीश कुमार की परेशानी बढ़ा रखी हैं।