एनकाउंटर साइट पर काम आई परिवार की अपील
कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में कुख्यात आतंकी संगठन अल बदर के 2 सदस्यों ने सरेंडर कर दिया। एनकाउंटर साइट पर परिवार की अपील पर दोनों आतंकी पिघल गए। उन्होंने सुरक्षा बलों के समक्ष आत्म समर्पण कर नए सिरे से जिंदगी की शुरुआत करने का निर्णय लिया। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों के विभिन्न संगठन सक्रिय हैं। इन संगठनों के सदस्य आए दिन सुरक्षा बलों के लिए परेशानी पैदा करते रहते हैं। पाकिस्तान की शह पर यह आतंकी संगठन घाटी को अशांत रखने की हरसंभव कोशिश करते हैं। ताजा घटनाक्रम से सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। उत्तरी कश्मीर के सोपोर के तुज्जर क्षेत्र में कुछ आतंकियों को सुरक्षा बलों के जवानों ने घेर लिया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस के आईजी विजय कुमार ने बताया कि आतंकियों के परिवार को एनकाउंटर साइट पर ले जाया गया। परिवार की अपील पर दोनों आतंकियों ने आत्म समर्पण कर दिया। आईजी कुमार ने दोनों आतंकियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील की है। बता दें कि तुज्जर क्षेत्र में आतंकियों के छिपे होने का इनपुट मिला था। इसके बाद क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान आतंकियों और सुरक्षा बलों के मध्य मुठभेड़ आरंभ हो गई। सुरक्षा बलों ने आतंकियों से सरेंडर करने की अपील की थी, जिसे आतंकियों ने मान लिया और हथियार डाल दिए। पुलिस ने बताया कि दोनों युवा कुछ दिन पहले आतंकी संगठन अल बदर के साथ जुड़े थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस इसे बड़ी कामयाबी मान रही है। दरअसल आतंकी संगठन नए युवाओं को बहला-फुसला कर आतंक के रास्ते पर जाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। कश्मीर में आतंकियों से निपटने को सुरक्षा बलों को दिन-रात मुस्तैद रहना पड़ता है। जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटने के बाद कई आतंकी संगठन बौखला गए हैं। वह सुरक्षा बलों के खिलाफ साजिश रचते रहते हैं।
















