प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने प्रसन्नता जताई
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) के खिलाफ जारी लड़ाई के बीच महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बॉयोटेक की वैक्सीन के आपातकालीन प्रयोग को स्वीकृति मिल गई है। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआई) ने इस पर अपनी सहमति दे दी है। यानि इमरजेंसी में वैक्सीन का इस्तेमाल हो सकेगा। डीसीजीआई के निर्णय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रसन्नता जाहिर की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि जिन 2 वैक्सीन के इमरजेंसी इस्तेमाल की अनुमति मिली है, वह स्वदेशी हैं, इससे प्रत्येक भारतीय को वर्ग होगा। उन्होंने कहा कि भारत के वैज्ञानिक समुदाय ने भी आत्मनिर्भर भारत का जज्बा दिखाया है। इसके मूल में देखभाल और करुणा है। उन्होंने वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल की मंजूरी को एक साहसी लड़ाई में टर्निंग प्वाइंट बताया। उन्होंने कहा कि सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बॉयोटेक की वैक्सीन को डीसीजीआई की मंजूरी के बाद कोरोना मुक्त और स्वस्थ भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने इसके लिए वैज्ञानिकों और खोजकर्ताओं को भी बधाई दी है। गृह मंत्री अमित शाह ने कोरोना वैक्सीन के अप्रूवल को भारत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि देश को गौरवान्वित करने के लिए अपने प्रतिभाशाली और मेहनती वैज्ञानिकों को सलाम करता हूं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी वैक्सीन तैयार करने के लिए वैज्ञानिकों और डॉक्टरों को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो कार्य हो रहे हैं, वह चिरस्मरणीय रहेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि उन वैज्ञानिकों और डॉक्टरों को सलाम, जिनकी दिन-रात की मेहनत की बदौलत हम आज यहां तक पहुंचे हैं।















