यूपी में हर घर में नल से पहुंचेगा जल, पीएम मोदी ने किया योजना का शिलान्यास

प्रधानमंत्री ने शिलान्यास किया, खर्च होंगे 5,555 करोड़

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र और मिर्जापुर में 23 पेयजल परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साढ़े 5 हजार करोड़ से ज्यादा की इन योजनाओं का रविवार को शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए नागरिकों को यह तोहफा दिया। निकट भविष्य में 41 लाख की आबादी को शुद्ध पेयजल मिल सकेगा। यूपी के सोनभद्र और मिर्जापुर के लिए 23 पेयजल परियोजनाएं तैयार की गई हैं, जिनकी अनुमानित लागत 5 हजार 555 करोड़ रुपए है। इन योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हर घर जल पहुंचाने के अभियान को डेढ़ साल हो गए हैं। इस दरम्यान देशभर में 2 करोड़ 60 लाख से ज्यादा परिवारों को शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई गई है। इसमें कई लाख परिवार उत्तर प्रदेश के भी हैं। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पाइप से पानी पहुंचने के कारण माताओं-बहनों का जीवन सरल हो रहा है। इसका बड़ा लाभ गरीब परिवारों के स्वास्थ्य को भी मिला है। चूंकि दूषित पानी से उत्पन्न टायफायड, इंसेफलाइटिस जैसी अनेक बीमारियों में भी कमी आ रही है। उन्होंने कहा कि विंध्यांचल के हजारों गांवों में पाइप से पानी पहुंचने पर इस क्षेत्र के मासूम बच्चों का स्वास्थ्य सुधरेगा। बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास और बेहतर होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के बाकी गांवों की तरह इस क्षेत्र में भी बिजली की विकट समस्या थी। आज ये क्षेत्र सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया में अग्रणी बनता जा रहा है। मिर्जापुर का सौर ऊर्जा प्लांट विकास का नया अध्याय लिख रहा है। आज सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास ये मंत्र देश के प्रत्येक हिस्से में देश के प्रत्येक नागरिक के यकीन का मंत्र बन गया है। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी भाग लिया।