25 हजार की इनामी महिला डॉक्टर गिरफ्तार

हनी ट्रैप में फंसाकर छात्र को किया था अगवा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के जनपद गोंडा में मेडिकल छात्र गौरव हवलदार अपहरणकांड में फरार डॉक्टर प्रीति मेहरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेहद शातिर प्रीति पर 25 हजार का इनाम घोषित किया गया था। हरियाणा के झज्जर से पुलिस ने इस अपहरणकांड की आखिरी आरोपी को दबोचा है। उससे पूछताछ चल रही है। जनपद गोंडा में गत 18 जनवरी को मेडिकल गौरव हवलदार का अपहरण कर लिया गया था। वह एससीपीएम कॉलेज ऑफ पैरामेडिकल हारीपुर में बीएएमएस प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। वह कॉलेज के हॉस्टल में रहता था। वारदात के अगले दिन बदमाशों ने गौरव के पिता निखिल हवलदार को फोन कर 70 लाख रुपए की फिरौती की डिमांड की थी। फिरौती के लिए छात्र का अपहरण किए जाने से पुलिस में हड़कंप मच गया था। इस कांड में डॉ. प्रीति मेहरा का हाथ भी सामने आया था। पुलिस ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। अपह्त छात्र गौरव को एसटीएफ ने नोएडा से सकुशल बरामद कर लिया था। पुलिस ने इस प्रकरण में फरार डॉ. प्रीति मेहरा को हरियाणा के झज्जर से गिरफ्तार किया है। डॉ. प्रीति दिल्ली के एक हॉस्पिटल में तैनात थी। पुलिस महानिरीक्षक राकेश सिंह के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त डॉ. प्रीति ने गौरव को हनी ट्रैप में फंसाया था। वह दिल्ली से गोंडा आकर गौरव को ले गई थी। वारदात में डॉ. अभिषेक और डॉ. प्रीति सहित 6 आरोपी शामिल थे। आईजी ने बताया कि सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में डॉ. प्रीति ने पुलिस को बताया कि शॉट कट से पैसे कमाने की लालसा में दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। मूल रूप से हरियाणा निवासी डॉ. मेहरा वर्तमान में दिल्ली के प्रेमनगर में रहती थी। दिल्ली के डॉ. अभिषेक ने एक महिला के साथ मिलकर इस अपहरण कांड की साजिश रची थी।