लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप
लखनऊ। जनपद आजमगढ़ में पुलिस ने ईसाई धर्म के 3 प्रचारकों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के विरूद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध कानून के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोप है कि नागरिकों को लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र में यह मामला प्रकाश में आया है। डीह कैथौली गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव के त्रिभुवन यादव के घर काफी संख्या में नागरिक जुटे थे। वहां ईसाई धर्म के 3 प्रचारक बाहर से आए थे। इस दरम्यान धर्म परिवर्तन को लेकर प्रार्थना सभा चल रही थी। इस बीच अशोक यादव ने पुलिस से इस संबंध में शिकायत की। अशोक यादव की शिकायत पर पुलिस ने लालच देकर धर्म परिर्वतन कराने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। तीनों धर्म प्रचारकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जौनपुर निवासी बालचंद जायसवार, वाराणसी निवासी गोपाल प्रजापति और आजमगढ़ निवासी नीरज कुमार के रूप में की गई है। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है। पूरे मामले की जांच आरंभ कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में जबरन धर्म परिवर्तन के मामले निरंतर सामने आने के बाद सरकार को सख्त कदम उठाना पड़ा है। योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश विधि विरूद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध कानून लागू किया है। खासकर लव जिहाद के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए नए कानून की जरूरत महसूस की गई थी। उप्र के विभिन्न जनपदों में लव जिहाद के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं। नया कानून लागू होने के बाद भी कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में नए कानून के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाई की गई है।















