बदमाशों ने ताबड़-तोड़ गोलियां चलाईं, सनसनी
पटना। बिहार के जनपद गोपालगंज में शनिवार की सुबह सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है। वहां जनता दल (यू) विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के तीन करीबियों को गोली मार दी गई। हमले में देवेंद्र पांडेय की मौत हो गई। 2 अन्य की हालत गंभीर है। घायलों को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद एकत्र भीड़ ने 2 हमलावरों को मौके पर दबोच कर जमकर पीटा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे बदमाशों को पब्लिक के चंगुल से छुड़ाया। गंभीर रूप से घायल दोनों हमलावरों को कुचायकोट पीएचसी में भर्ती कराया गया है। पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। बिहार में विधान सभा चुनाव समाप्त होने के बाद से अपराधों में एकाएक वृद्धि देखने को मिल रही है। बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। आए दिन संगीन वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। ताजा प्रकरण गोपालगंज जनपद के गोपालपुर थानांतर्गत राजापुर बाजार में सामने आया है। जहां बदमाशों ने कुचायकोट से जनता दल (यू) के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय के 3 करीबियों को गोली मार दी। हमले में देवेंद्र पांडेय की जान चली गई। जबकि पप्पू पांडेय व एक अन्य की हालत गंभीर है। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद घटनास्थल पर एकत्र भीड़ ने 2 बदमाशों को दबोच लिया। दोनों की जमकर धुनाई की गई। पुलिस ने दोनों बदमाशों को बड़ी मुश्किल से भीड़ के कब्जे से छुड़ाया। इसके बाद इलाज के लिए उन्हें कुचायकोट पीएचसी में भर्ती कराया गया है। वारदात की सूचना मिलने पर एसडीपीओ सदर नरेश पासवान पुलिस बल के साथ सदर अस्पताल में पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि 2 बाइक पर सवार होकर आए 4 बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।















