उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम द्वारा अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स जहां अवैध कॉलोनियों को लेकर सख्त रूख अपनाए हुए है। वहीं,जीडीए प्रवर्तन टीम द्वारा रोजाना अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। सोमवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 के प्रभारी अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता पीयूष सिंह ने अवर अभियंता सीपी शर्मा व महेंद्र कुमार एवं जीडीए पुलिस व नंदग्राम थाना पुलिस की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर मोरटा के पास लगभग 13.50 बीघा जमीन में काटी जा रही 3 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए प्रवर्तन जोन-1के प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि ग्राम मोरटा के पास पिंटू त्यागी द्वारा काटी जा रही 1.5 बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी में भूखंडों की बाउंड्रीवाल, इंटरलॉकिंग सड़क, विद्युत पोल आदि को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अनिल शर्मा द्वारा 4 बीघा और 8 बीघा जमीन में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में साईट ऑफिस,सड़क,भूखंडों की बाउंड्रीवाल आदि को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर उपस्थित लोगों से यह अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें।

















