-मिस्र के अलेक्जेंड्रिया शहर की घटना, बचाव कार्य शुरू
काहिरा। मिस्र के अलेक्जेंड्रिया शहर में बड़ा हादसा प्रकाश में आया है। अलेक्जेंड्रिया शहर में 3 मंजिला इमारत एकाएक ढह गई। हादसे में 5 नागरिकों की मौत हो जाने की खबर है। मृतकों में 2 लड़कियां भी शामिल हैं। सूचना पाकर पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंच गई। बचाव एवं राहत का काम शुरू कर दिया गया है। मलबे को हटाकर दबे नागरिकों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आस-पास काफी भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है। इमारत में रह रहे नागरिकों के रिश्तेदारों को घटनास्थल से दूर रखा गया है। कर्मचारी बुल्डोजर के जरिए मलबा हटाने में लगे हैं। अलेक्जेंड्रिया के गवर्नर मौहम्मद अल-शरीफ ने इस घटना के संबंध में वीडियो जारी किया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार घटना के समय 2 परिवार के कुल 9 सदस्य इमारत में मौजूद थे। हालांकि इमारत ढहने के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। गवर्नर अल-शरीफ ने बताया कि यह एक पुरानी इमारत थी। 1940 में इमारत का निर्माण कराया गया था। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है। उम्मीद है कि मलबे में दबे नागरिकों को सकुशल बाहर निकाल लिया जाएगा। बता दें कि सरकार ने कुछ दिन पहले देश में पुरानी इमारतों का पता लगाने के लिए अभियान की शुरुआत की थी। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर कुछ नागरिकों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके अलावा कई पुरानी इमारतों को जमींदोज भी गया था। देश में कई इमारतें ऐसी हैं जो बेहद पुरानी हैं। अब उन इमारतों की मरम्मत भी नहीं हो सकती है। ऐसे में पुरानी इमारतों का पता लगाया जा रहा है ताकि समय रहते नागरिकों को वहां से सुरक्षित निकाला जा सके। देश में कई इमारतें दशकों पुरानी हैं। यह जर्जर एवं पुरानी इमारतें टूटकर गिर रही हैं।
















