गाजियाबाद। अटल आवासीय विद्यालय बुलंदशहर कौन्दू में प्रवेश के लिए रविवार को मेरठ मंडल के छह जनपदों के श्रमिकों के बच्चों ने परीक्षा दी। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले 346 परीक्षार्थियों में से 308 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह एवं उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि गाजियाबाद जनपद के 26 बच्चों ने नंदग्राम स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में परीक्षा के लिए उपस्थित हुए।अपर जिलाधिकारी गंभीर सिंह ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण भी किया।
उप श्रमायुक्त रवि श्रीवास्तव ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। इसमें मेरठ मंडल के जनपद गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मेरठ, गौतमबुद्धनगर व बागपत में परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले 346 परीक्षार्थियों में 308 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों को दिशा-निर्देश दिए गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम, एंबुलेंस व पुलिस फोर्स को केंद्रों पर तैनात किया गया था। उप श्रमायुक्त ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय मंडलीय अनुश्रवण समिति के पर्यवेक्षण में पढ़ाई संचालित होगी।
विद्यालय में सीबीएसई बोर्ड से पढ़ाई कराई जाएगी। भविष्य में कक्षा 6 से 12 तक के 1000 बच्चों इससे लाभान्वित हो सकेंगे। पहले साल में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं में से 40 छात्र एवं 40 छात्राओं का विद्यालय में प्रवेश नियमानुसार आरक्षण के तहत दिया जाएगा। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।
















