साथियों संग प्रत्याशी के घर में घुसकर हमला
पटना। बिहार में जारी विधान सभा चुनाव के बीच निरंतर हिंसा की खबरें सामने आ रही हैं। शिवहर जनपद में जनता दल (यू) विधायक के बेटे की गुंडई सामने आई है। आरोप है कि विधायक के बेटे ने कुछ साथियों के साथ जन अधिकार पार्टी (जाप) प्रत्याशी के घर पर हमला कर दिया। वहां मौजूद परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौच एवं मारपीट की गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने 4 हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जन अधिकार पार्टी (जाप) के मुख्यिा पप्पू यादव हैं। वह शिवहर विधान सभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। उनकी पार्टी के उम्मीदवार मो. वामिक जफीर का पिपराही थाना क्षेत्र के महुआबा में आवास है। पुलिस के मुताबिक जनता दल (यू) विधायक मो. शरफुद्दीन का बेटा अपने 3 दोस्तों के साथ आज सुबह अचानक प्रत्याशी वामिक जफीर के घर पहुंच गया। इस दौरान आरोपियों ने वहां जमकर उत्पात मचाया। घर में मौजूद सदस्यों के साथ गाली-गलौच कर मारपीट तक की गई। पीडि़त परिवार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जाकर विधायक के बेटे सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उधर, घटना के बाद विधायक अपने बेटे की सिफारिश में थाने पहुंच गए, मगर पुलिस ने विधायक की कोई बात नहीं सुनी। पुलिस ने शिकाय मिलने पर आरोपियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है। बताया गया है कि नामांकन के बाद से जनता दल (यू) के विधायक मो. सफुद्दीन के समर्थक और जाप के प्रत्याशी के बीच विवाद चल रहा है। मतदान के बाद से जनता दल (यू) विधायक काफी हताश दिखाई दे रहे हैं। विधायक को हार का डर सता रहा है। बता दें कि बिहार में अब अंतिम चरण का मतदान शेष है। 10 नवम्बर को चुनावी नतीजे आ जाएंगे।
















