मोदीनगर में 51 हजार वर्गमीटर में 4 अवैध कॉलोनी व 12 दुकानें ध्वस्त

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अवैध कॉलोनियों और अवैध निर्माण को लेकर जारी सख्ती के चलते जीडीए प्रवर्तन की टीम लगातार अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर रही है। शनिवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार ने सहायक अभियंता पीयूष सिंह,अवर अभियंता सुनील कुमार,जीडीए पुलिस एवं मोदीनगर व निवाड़ी थाना पुलिस की मौजूदगी में लगभग 51 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में काटी जा रही 4 अवैध कॉलोनी और अवैध रूप से बनाई गई 12 दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।

जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी लवकेश कुमार ने बताया कि मोदीनगर क्षेत्र के गांव सीकरी कला में बुलाकी दास 21 हजार वर्गमीटर में जमीन पर अवैध कॉलोनी और निवाड़ी क्षेत्र के अबूपुर में मलिक जस्सर 8 हजार वर्गमीटर,कपिल चौधरी की अबूपुर में 12 हजार वर्गमीटर और अबूपुर में 10 हजार वर्गमीटर में कपिल त्यागी द्वारा कुल मिलाकर 51 हजार वर्गमीटर में काटी जा रही 4 अवैध कॉलोनियों में भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क, विद्युत पोल,निर्माण को ध्वस्त किया गया। इनके अलावा दुर्गेश चौधरी ने अवैध रूप से बनाई गई 12 दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।

इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद नियंत्रित करते हुए ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। मौके पर लोगोंं से अपील की गई कि वह अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंडों की खरीद-फरोख्त न करें। जीडीए की ओर से लोगों से अनुरोध है कि अनधिकृत निर्माण को प्रोत्साहित न करें और अधिकृत भूखंडों में ही निवेश करें।