-जीडीए प्रवर्तन जोन-3 टीम ने ध्वस्त की सड़कें,भूखंडों की बाउंड्रीवाल,पोल
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन की टीम अब लगातार अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनी व अवैध निर्माण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई कर रही है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते अब अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनिल शर्मा, अवर अभियंता राजेंद्र सिंह ने जीडीए पुलिस और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की मौजूदगी में सिटी पार्क के पास और रईसपुर-सदरपुर मार्ग पर अवैध रूप से काटी जा रही 122 बीघा क्षेत्रफल में 4 कॉलोनियों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी ने बताया कि रईसपुर-सदरपुर मार्ग पर सूर्या गार्डन के सामने लगभग 22 बीघा जमीन पर वीरेंद्र उर्फ लल्लू पुत्र अमरपाल अवैध कॉलोनी काट रहा है।
इसके अलावा सिटी पार्क के मध्य और इंदिरा एंक्लेव में एनडीआरएफ रोड पर खसरा संख्या-1514,1519 में प्रमोद शर्मा पुत्र दयाराम शर्मा लगभग 9 बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काट रहा है। वहीं, ग्राम सदरपुर निकट शिवाला गांव के खसरा संख्या-301 में लगभग 70 बीघा क्षेत्रफल में सचिन कुमार,मोहित कुमार पुत्र ऋषि,प्रदीप चैधरी पुत्र बदन सिंह एवं उमाकांत शर्मा और खसरा संख्या-291 व 287 मिलजुमला ग्राम सदरपुर पर लगभग 21 बीघा क्षेत्रफल में मोहम्मद आबिद व मोहम्मद अतीक पुत्र शमशुद्दीन व इंद्रपाल पुत्र स्वर्गीय हरि सिंह आदि द्वारा अनाधिकृत रूप से अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। इन चारों अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनी की सड़कें,भूखंडों की बाउंड्रीवाल,विद्युत पोल आदि को ध्वस्त कर दिया गया।
जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माण करने वालों ने जमकर विरोध किया। मगर पुलिस ने लाठी फटकार कर उन्हें वहां से भगा दिया। पुलिस द्वारा उन्हें नियंत्रित करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। मौके पर उपस्थित लोगों से यह भी अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी में भूखंडों का क्रय-विक्रय न करें। इसके अलावा जीडीए प्रवर्तन जोन-1 क्षेत्र में हम-तुम रोड स्थित कई स्टोर को सील किया गया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने पिछले दिनों क्षेत्र का निरीक्षण किया था।यहां पर अवैध रूप से बनाए गए स्टोर को सील करने की कार्रवाई की गई।

















