69 जिला पंचायत अध्यक्ष के पॉवर खत्म, डीएम देखेंगे काम काज

आज रात 12 बजे से पूर्ण होगा कार्यकाल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायतों का कार्यकाल आज पूरा हो जाएगा। रात 12 बजे के बाद से सभी जिला पंचायत अध्यक्ष पावर लैस हो जाएंगे। ऐसे में वह कोई लेन-देन नहीं कर सकेंगे। इसी क्रम में गुरुवार से जिलाधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी मिल जाएगी। वह प्रशासक नियुक्त हो जाएंगे। यानि किसी भी जिला पंचायत में बगैर डीएम के कोई काम-काज नहीं होगा। उत्तर प्रदेश में 69 जिला पंचायतों का कार्यकाल आज रात 12 बजे पूर्ण हो जाएगा। जनपद गौतमबुद्ध नगर में पहले से डीएम जिला पंचायत के प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस प्रकार 70 जिला पंचायतें गुरुवार से प्रशासकों के जिम्मे हो जाएंगी। 15 मार्च से 30 मार्च के मध्य पंचायत चुनाव होने हैं। चुनाव नतीने आने के बाद जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत का नोटिफिकेशन आएगा। उप्र के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि पंचायत निर्वाचन वर्ष 2015 में कराए गए थे। निर्वाचन के बाद 69 जिला पंचायतों में प्रथम बैठक 14 जनवरी 2016 को आयोजित की गई थी। उनके 5 वर्ष आज पूरे होने पर उनका कार्यकाल पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद 14 जनवरी को डीएम द्वारा प्रशासक का पद संभाल लिया जाएगा। नए जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने तक डीएम पर यह जिम्मेदारी रहेगी। संबंधित जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष आज रात 12 बजे के बाद कोई लेन-देन या संबंधित अन्य कोई कार्य नहीं कर सकेंगे। क्षेत्र व जिला पंचायत अधिनियम 1961 की धारा-21 की उपधारा-3(क) में जिला पंचायत का कार्यकाल पूरा होने के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी होने या 6 माह की अवधि तक डीएम को प्रशासक नियुक्त किया जाता है। उधर, सभी जिला पंचायतों के काम-काज की निगरानी अब जिलाधिकारियों पर रहेगी। डीएम की अनुमति के बगैर कोई काम नहीं हो सकेगा।