पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के निधन पर नगर निगम संघ कार्यालय में शोकसभा आयोजित

-ईमानदारी और संघर्ष की प्रतीक थी उनकी सार्वजनिक सेवा, वक्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राजनीति और सामाजिक सेवा में अद्वितीय पहचान रखने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी के आकस्मिक निधन से पूरा गाजियाबाद शोक में डूब गया। शुक्रवार को उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद भर में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुखद अवसर पर नगर निगम गाजियाबाद के संघ कार्यालय में एक गंभीर और भावनात्मक शोकसभा का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन के सभी प्रांतीय, जिला और स्थानीय पदाधिकारियों ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की। शोकसभा के दौरान प्रांतीय अध्यक्ष ललित त्यागी ने दूरभाष पर अपनी शोक संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि राजपाल त्यागी जैसे समर्पित, जुझारू और निष्ठावान जननेता का जाना केवल उनके परिवार या समर्थकों की नहीं, बल्कि पूरी समाज व्यवस्था की क्षति है, जिसकी भरपाई सम्भव नहीं। शोकसभा में उपस्थित प्रांतीय संरक्षक सुभाष चंद्र शर्मा, प्रांतीय उपमहामंत्री चौब सिंह, प्रांतीय सहायक मंत्री इंद्रपाल सिंह, प्रांतीय उपाध्यक्ष अरविंद त्यागी, प्रांतीय कोषकार सदस्य प्रदीप कुमार, प्रांतीय सहायक मंत्री मयूर गिरधर, प्रांतीय संगठन मंत्री विनोद त्यागी, विशाल गौरव, पूरन चंद शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्यों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि श्री राजपाल त्यागी ने अपना पूरा जीवन ईमानदारी, संघर्ष और जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति के हक के लिए सड़क से सदन तक आवाज उठाई और गाजियाबाद को राज्य की राजनीति में विशेष स्थान दिलाया। वह न केवल एक राजनीतिक योद्धा थे, बल्कि वह संघर्ष, विवेक और समर्पण का जीवंत उदाहरण भी थे, जिनकी स्मृतियां समाज को आगे बढऩे की प्रेरणा देती रहेंगी। शोकसभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे राजपाल त्यागी को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस अपूर्ण क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। इस अवसर पर संगठन की ओर से स्पष्ट किया गया कि श्री राजपाल त्यागी का योगदान संगठनात्मक सोच, सामाजिक एकजुटता और निष्कलंक राजनीतिक व्यवहार का एक आदर्श है, जिसे आने वाली पीढिय़ां हमेशा स्मरण करेंगी।