भैरवनाथ मंदिर में श्रद्धा का संगम, क्षेत्रपाल देवता की पूजा से गूंजा पौंला गांव

-भैरवनाथ की आराधना से दूर होते हैं सभी कष्ट: राजकुमार तिवारी
-चैत्र नवरात्र पर श्री केदार सभा ने किया विशेष पूजन
-मंदिर परिसर को समर्पित किया गया नया शेल्टर

उदय भूमि संवाददाता
रुद्रप्रयाग। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर पौंला गांव स्थित भैरवनाथ मंदिर में श्रद्धा और आस्था का भव्य माहौल देखने को मिला। श्री केदार सभा के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित विशेष पूजा-अर्चना में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्रपाल देवता भगवान भैरवनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से भगवान भैरवनाथ के समक्ष शीश नवाया और अपने परिवार की सुख-समृद्धि तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्री केदार सभा द्वारा मंदिर परिसर में निर्मित एक नए शेल्टर को भी विधिवत पूजा के बाद भगवान भैरवनाथ को समर्पित किया गया।

यह शेल्टर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है, जिससे मंदिर आने वाले भक्तों को धूप और वर्षा से राहत मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान राजकुमार तिवारी ने कहा कि क्षेत्रपाल देवता भगवान भैरवनाथ की पूजा करने से भक्तों के सभी अरिष्ट दूर हो जाते हैं और जीवन में सुख-शांति का वास होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी सद्भाव भी बढ़ता है। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्ति गीतों और जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर आयोजन को सफल बनाया। श्री केदार सभा के सदस्यों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा, ताकि समाज में धार्मिक आस्था और एकजुटता को बढ़ावा मिल सके।